मशहूर एक्टर मोहन जोशी कोरोना की दोनों वैक्सीन लेने के बाद कोरोना पॉज़िटिव
इस समय पूरा देश जहां कोरोना संक्रमण से लड़ रहा है वहीं दूसरा डर है वैक्सीन को लेकर। भले ही लोगों को वैकसीन के प्रति जागरूक किया जा रहा है लेकिन कई ऐसे लोग हैं जो वैकसीन की डोज़ के बाद ही कोरोना की चपेट में आ जा रहे हैं। मशहूर एक्टर मोहन जोशी भी वैकसीन की दोनों डोज़ लेने के बाद अब कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।
मोहन जोशी, गोवा में अपने मराठी सीरियल की शूूटिंग कर रहे थे जहां उन्हें ये संक्रमण हुआ। फिलहाल वो गोवा के ही एक होटल में खुद को क्वारंटीन कर चुके हैं। 75 वर्षीय एक्टर ने खुद अपने स्वास्थ्य की जानकारी दी।

एबीपी न्यूज़ से एक बातचीत में मोहन जोशी ने बताया कि उन्होंने 6 मार्च को वैक्सीन का पहला डोज़ लिया था और इसके बाद 20 अप्रैल को उन्होंने अपना दूसरा डोज़ लिया था। इसके बाद वो अपने सीरियल अगाबाई सुनबाई की शूटिंग करने गोवा चले गए थे।

हिंदी सीरियल में भी सक्रिय
गौरतलब है कि मोहन जोशी, हिंदी सीरियल में भी सक्रिय हैं। 2020 में वो स्टार प्लस के मशहूर सीरियल दादी अम्मा, दादी अम्मा मान जाओ में सीमा बिस्वास के अपोज़िट दिखाई दिए थे। सीरियल लोगों को काफी पसंद आया था।

हिंदी फिल्मों से दूर
हालांकि, मोहन जोशी हिंदी फिल्मों का जाना माना चेहरा हैं लेकिन हाल फिलहाल में वो हिंदी फिल्मों से एक दूरी बनाते ही दिखे। हालांकि वो मराठी फिल्मों और सीरियल में फिलहाल काफी सक्रिय हैं।

गोवा बना हॉटस्पॉट
गौरतलब है कि जैसे ही मुंबई में लॉकडाउन लगा, सभी सीरियल और फिल्मों की यूूनिट फटाफट अपना सामान पैक कर गोवा पहुंच गई। थोड़े ही दिन में गोवा संक्रमण का केंद्र बनने लगा और गोवा सरकार को वहां तुरंत शूटिंग रोकने का आदेश देना पड़ा।

चार और क्रू पॉज़िटिव
मोहन जोशी ने एबीपी न्यूज़ से एक बातचीत में बताया कि उनके सीरियल से केवल वो ही नहीं बल्कि चार और क्रू मेंबर भी पॉज़िटिव आ चुके हैं। वहीं बाकी एक्टर्स और क्रू की टेस्ट रिपोर्ट आना अभी भी बाकी है।

मराठी फिल्मों में सक्रिय
गौरतलब है कि आजकल एक्टर मोहन जोशी मराठी सीरियल और फिल्मों में सक्रिय हैं। इसके अलावा वो कई गुजराती और भोजपुरी फिल्मों का भी हिस्सा रहे हैं।

मिल चुका है नेशनल अवार्ड
मोहन जोशी को घरबाहेर नाम की अपनी मराठी फिल्म के लिए नेशनल पुरस्कार भी मिल चुका है। वहीं हिंदी फिल्मों में गर्व, गंगाजल, होगी प्यार की जीत जैसी फिल्मों में विलेन की भूमिका के लिए याद रखा जाता है।

जल्दी हों स्वस्थ
ईश्वर से कामना करते हैं कि मोहन जोशी जल्दी स्वस्थ होकर अपने परिवार के साथ हों और काम पर लौटें और यूं ही दर्शकों का मनोरंजन करते रहे हैं। तब तक के लिए हर कोई स्वस्थ रहे, सुरक्षित रहे।


Click it and Unblock the Notifications