एक्टर- डायरेक्टर ललित बहल का कोरोना से निधन, फिल्म 'जजमेंटल है क्या' में आए थे नजर
कोरोना वायरस का कहर फिल्म इंडस्ट्री पर भी साफ देखा जा सकता है। इस साल अब तक कई कलाकार कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जहां कुछ ने लड़कर इससे जीत पा ली, वहीं कुछ ने दुनिया को अलविदा कह दिया। पिछले दिनों एक्टर- डायरेक्टर ललित बहल भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
हालत गंभीर होते ही उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया, लेकिन शुक्रवार को उन्होंने आखिरी सांसे लीं। 71 वर्षीय ललित अपोलो अस्पताल में भर्ती थे जहां उनका इलाज चल रहा था। उनके बेटे कनु बहल ने ये जानकारी दी है।

पीटीआई से बात करते हुए कनु बहल ने कहा कि, उन्हें हृदय संबंधी दिक्कतें थीं और फिर कोविड ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दीं। उनके फेफड़ों में इंफेक्शन हो गया था जो गंभीर था। उनकी स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं ने रिकवर होना मुश्किल कर दिया था।
फिल्म 'मुक्ति भवन' में ललित बहल के साथ काम कर चुके अभिनेता आदिल हुसैन ने ट्विटर पर शोक व्यक्त किया है। आदिल लिखते हैं, "मेरे प्यारे और सम्मानित को-एक्टर ललित बहल जी का निधन हो गया, जो कि बेहद दुखद है। मुक्ति भवन में उन्होंने एक पिता का बेहतरीन किरदार निभाया। एक बार फिर से ऐसा लग रहा जैसे मैंने अपना पिता खो दिया। डियर कनु, इस बारे में सुनकर दुख हुआ।"
थियेटर के प्रतिष्ठित कलाकार ललित ने दूरदर्शन की टेलीफिल्मों 'तपिश', 'आतिश', 'सुनहरी जिल्द' के निर्देशन-निर्माण के साथ और टीवी शो 'अफसाने' के अभिनेता के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने 2014 में अपने बेटे के निर्देशन में बनी 'तितली', 'मुक्ति भवन' और 'जजमेंटल है क्या' जैसी फिल्मों में काम किया है। अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज 'मेड इन हैवेन' में भी ललित नजर आए थे।


Click it and Unblock the Notifications