सलमान खान के को- एक्टर अरमान कोहली ड्रग्स मामले में गिरफ्तार, पहले भी बिग बॉस के घर से हुए थे गिरफ्तार
बिग बॉस के पुराने प्रतिभागी और एक्टर अरमान कोहली को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने काफी लंबी पूछताछ के बाद अरेस्ट कर लिया है। शनिवार को NCB ने बॉलीवुड के चर्चित ड्रग्स केस में एक पेडलर अजय राजू सिंह को गिरफ्तार किया था। अजय ने अपने क्लाईंट के रूप में अरमान कोहली के नाम को स्वीकार किया था।
Recommended Video
इसके बाद शनिवार की शाम अरमान कोहली के घर पर NCB का छापा पड़ा जहां अवैध ड्रग्स बरामद हुई थी और इसके बाद अरमान कोहली को कस्टडी में ले लिया गया था। रविवार को उन्हें एक खास कोर्ट के सामने पेश किया गया लेकिन उनके जवाब संतोषजनक नहीं थे।

इसके बाद अजय राजू सिंह के साथ अरमान कोहली को NDPS के सेक्शन 21a, 27a, 28, 29, 30, 25 के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है। अरमान कोहली के पास से अवैध कोकेन बरामद हुई। गौरतलब है कि इससे पहले भी साल 2018 में Excise विभाग ने अरमान कोहली के घर से स्कॉच व्हिस्की की 41 अवैध बोतलें बरामद की थीं जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

बॉलीवुड के चर्चित कलाकार
अरमान कोहली बॉलीवुड के चर्चित कलाकार रहे हैं। हालांकि उनकी फिल्मों को ट्रोल का हिस्सा ज़्यादा बनाया गया है। वो बॉलीवुड की ऐतिहासिक मल्टीस्टारर फिल्म जानी दुश्मन का भी हिस्सा थे जहां उन्होंने नाग की भूमिका में मनीषा कोईराला से रोमांस किया था।

विवादों में रहे हैं अरमान
अरमान कोहली पिछले कुछ सालों में हमेशा अपने रिलेशनशिप में मारपीट करने के लिए विवादों में रहे हैं। तारक मेहता एक्टर मुनमुन दत्ता ने उन पर काफी सालों तक रिलेशनशिप में रहने के बाद मारपीट के आरोप लगाए थे और उनसे ब्रेकअप किया था। वहीं उनकी पिछली गर्लफ्रेंड नीरू रंधावा ने भी उन पर घरेलू हिंसा के आरोप लगाए थे।

बिग बॉस के घर में तनीषा के साथ रिलेशनशिप
अरमान कोहली बिग बॉस के घर में काजोल की बहन तनीषा के साथ रिलेशनशिप में आने के लिए काफी चर्चा में आए। खबरें थीं कि ये रिलेशनशिप काजोल और अजय देवगन दोनों को ही नामंज़ूर था और अजय देवगन के कहने पर सलमान खान ने खुद इस बात का हिंट शो पर तनीषा को दिया था। इस रिलेशनशिप के दौरान भी अरमान कोहली तनीषा के साथ बदसलूकियां करते नज़र आए थे।

सलमान खान के को स्टार अरमान
बिग बॉस के घर से निकलने के बाद अरमान कोहली सलमान खान के साथ उनकी फिल्म प्रेम रतन धन पायो में नज़र आए थे। सूरज बड़जात्या की इस फिल्म में अरमान कोहली विलेन की भूमिका में नज़र आए थे। हालांकि उनके किरदार को ज़्यादा तवज्जो नहीं दी गई।

बिग बॉस के घर से हुई थी गिरफ्तारी
बिग बॉस के सातवें सीज़न का हिस्सा रहे अरमान कोहली ने प्रतिभागी सोफिया हयात को भी शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया था। सोफिया ने सांता क्रूज़ पुलिस स्टेशन में इसकी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी जिसके बाद अरमान कोहली को सीधा बिग बॉस के घर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था।


Click it and Unblock the Notifications











