अभिनेता शिव कुमार सुब्रमण्यम का निधन, 2 महीने पहले ही बेटे ने ली थी आखिरी सांस, फिल्म जगत में शोक
जाने माने अभिनेता और पुरस्कार विजेता पटकथा लेखक शिव कुमार सुब्रमण्यम ने 10 अप्रैल 2022 को आखिरी सांसे लीं। निधन की वजह फिलहाल अज्ञात है। उनके निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। फिल्ममेकर हंसल मेहता, बीना सरवर, अभिनेता गुलशन देवैया समेत कई कलाकार उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
Recommended Video
निधन की खबर पर दुख जाहिर करते हुए बीना सरवर ने ट्विट किया- "बहुत ही दुखद खबर। बेटे जहान की मौत के ठीक दो महीने बाद ही उनका निधन हो गया। उनके बेटे जहान को ब्रेन ट्यूमर था। 16वें बर्थडे से पहले ही उसकी मौत हो गई।"

वहीं, हंसल मेहता ने अभिनेता के अंतिम संस्कार का विवरण भी शेयर है। शिव कुमार सुब्रमण्यम का अंतिम संस्कार 11 अप्रैल को सुबह 11 बजे मोक्षधाम हिंदू श्मशानभूमि में किया जाएगा।
शिव कुमार सुब्रमण्यम को हाल ही में नेटफ्लिक्स के फैमिली ड्रामा 'मीनाक्षी सुंदरेश्वर' में देखा गया था। हाल के वर्षों में उनके सबसे यादगार प्रदर्शनों में से एक '2 स्टेट्स' में रहा है, जहां उन्होंने आलिया भट्ट के पिता का किरदार निभाया था। फिल्म 'तू है मेरा संडे' में dementia से पीड़ित व्यक्ति के रूप में उनके काम को भी खूब सराहा गया।
इन फिल्मों से जुड़े रहे शिव कुमार सुब्रमण्यम
शिव कुमार सुब्रमण्यम ने 'तीन पत्ती', 'प्रहार' और रानी मुखर्जी स्टारर 'हिचकी' में भी अहम किरदार निभाए थे। अभिनय ही नहीं, बल्कि उन्होंने कई फिल्मों में पटकथा लेखन का भी काम किया है। उन्होंने विधू विनोद चोपड़ा की फिल्म 'परिंदा' और सुधीर मिश्रा की फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' का स्क्रीनप्ले लिखा था। फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' के लिए सर्वश्रेष्ठ कहानी का फिल्मफेयर पुरस्कार भी शिव कुमार को मिला था। इसके अलवा 'परिंदा' के लिए सर्वश्रेष्ठ पटकथा का फिल्मफेयर पुरस्कार भी उन्हें दिया गया था।


Click it and Unblock the Notifications












