सलमान पर नहीं है 'एक्सीडेंट ऑन हिल रोड'
नवोदित बॉलीवुड निर्देशक महेश नायर की पहली फिल्म 'एक्सीडेंट ऑन हिल रोड' जल्दी ही रिलीज होने वाली है। फिल्म की कहानी के बारे में सुनने में आ रहा है कि यह फिल्म अभिनेता सलमान खान से हुए एक्सीडेंट पर आधारित है। इस बारे में वह कहते हैं कि मेरी फिल्म उस दुर्घटना पर आधारित नहीं है लेकिन ऐसी घटनाओं से मतलब सलमान सहित अन्य लोगों द्वारा किये गए ऐसे हादसों से प्रेरित जरूर है।
नायर ने कहा, "फिल्म की कहानी सलमान खान से संबंधित दुर्घटना पर आधारित नहीं है लेकिन इसमें सलमान खान की दुर्घटना का संदर्भ है।" अभिनेता सलमान खान ने सितम्बर 2002 में बांद्रा की हिल रोड पर एक बेकरी के बाहर सो रहे कुछ लोगों के ऊपर अपनी जीप चढ़ा दी थी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी जबकि अन्य तीन लोगों को गंभीर चोटें आई थीं।
नायर ने बताया कि उनकी फिल्म अमेरिका में हुई एक वास्तविक घटना पर आधारित है। घटना में एक महिला अपनी कार से एक आदमी को टक्कर मारकर घटनास्थल से अपने घर भाग गई थी। नायर ने कहा कि हालांकि इस दुर्घटना पर पहले ही एक फिल्म बन चुकी है लेकिन उनकी यह फिल्म दिखाएगी कि जब एक व्यक्ति से दुर्घटना हो जाती है या वह दुर्घटना होते हुए देखता है तो वह क्या करता है। सेलिना जेटली, अभिमन्यु सिंह और फारुक शेख ने फिल्म में मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं। यह फिल्म 31 दिसम्बर को प्रदर्शित होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications











