रिश्तों में भरोसा ज़रुरी: अभिषेक बच्चन

अभिषेक बच्चन मानते हैं कि किसी भी रिश्ते में भरोसा बहुत ज़रूरी है.
बीबीसी एशियन नेटवर्क से एक बातचीत में अभिषेक ने कहा, “कोई भी रिश्ता इस बात पर निर्भर करता है कि आप और आपका साथी एक दूसरे पर कितना भरोसा करते हैं. ये एक व्यक्तिगत चीज़ है. मैंने अपने रिश्तों को हमेशा बहुत गंभीरता से लिया है, चाहे वो मेरा परिवार हो या दोस्त या साथी.”
अभिषेक मानते हैं, “आप शादी जैसे रिश्ते में हैं, तो आपको उसकी इज़्ज़त करनी चाहिए. अगर आप पूरी ज़िंदगी उस रिश्ते के प्रति ईमानदार रह सकते हैं, तभी आपको कमिटमेंट करनी चाहिए.”
अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय की तारीफ़ करते हुए अभिषेक ने कहा, “ऐश्वर्या बहुत ही मज़बूत महिला है और मुझे उनके बारे में ये बात पसंद है. साथ ही वो जिस शिष्टता और मर्यादा से पेश आती हैं मुझे वो भी पसंद है. मैं मानता हूं कि आज के समय में भारतीय नारी का यही स्वरुप है.”
अभिषेक का पूरा परिवार बॉलीवुड से जुड़ा है और हमेशा मीडिया की नज़रों में रहता है. इस बारे में वो कहते हैं, “एक सेलेब्रिटी होने की वजह से आपके बारे में बहुत कुछ लिखा जाता है जो बेबुनियाद और ग़लत हो सकता है. कई बार आप इन बातों को अनदेखा कर देते हैं. कोई मेरे या मेरे पिता के बारे में उलटा-सीधा लिखे तो मुझे बहुत फ़र्क नहीं पड़ता. लेकिन मेरे घर की महिलाएं—मेरी मां और पत्नी—के बारे में मैं किसी तरह की अपमानजनक बात सहन नहीं कर सकता.”


Click it and Unblock the Notifications