अभिषेक बच्चन की बॉब बिस्वास सीधा आपके घर होगी रिलीज़, शाहरूख खान की रेड चिलीज़ का फैसला
अभिषेक बच्चन स्टारर फिल्म बॉब बिस्वास काफी समय से रिलीज़ की राह देख रही है और अब फिल्म के प्रोड्यूसर, शाहरूख खान की ओर से उनके प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज़ ने ये फैसला किया है कि बॉब बिस्वास सीधा ओटीटी पर रिलीज़ होगी। इसके लिए ओटीटी प्लेटफॉर्म ज़ी 5 के साथ डील भी फाईनल हो चुकी है।
ये फिल्म विद्या बालन स्टारर थ्रिलर फिल्म कहानी का स्पिन ऑफ है। फिल्म में अभिषेक बच्चन बॉब बिस्वास का किरदार निभा रहे हैं जो कहानी में सीरियल किलर था। हालांकि, इस किरदार को कहानी में निभाया था बंगाली एक्टर शाश्वत चटर्जी ने।

हालांकि फिल्म कब रिलीज़ होगी इस पर फिलहाल कोई फैसला नहीं लिया गया है। बॉब बिस्वास की शूटिंग, 2020 की शुरूआत में शुरू हुई थी और पिछले साल दिसंबर में ही फिल्म की शूटिंग खत्म कर ली गई थी। फिल्म से अभिषेक बच्चन का लुक जब लीक हुआ तो हर कोई उनके लुक को देखकर चौंक गया।

बदल रहे हैं करियर की दिशा
गौरतलब है कि 2020 में OTT ने स्टार्स की किस्मत बदल दी। अभिषेक बच्चन के लिए ब्रीथ इन टू द शैडोज़ और फिर लूडो में लीड भूमिकाओं ने उनके करियर को दूसरा मौका दिया और दर्शकों को एक बार फिर से उनसे जुड़ने का सफल मौका दिया। अभिषेक बच्चन पिछली कुछ फिल्मों से अपनी अलग छवि बनाने की कोशिश कर रहे हैं। जहां द बिग बुल में वो हर्षद मेहता के किरदार में एक असफल कोशिश करते दिखाई दिए वहीं अनुराग बसु की लूडो में उनके किरदार ने हर किसी का दिल जीत लिया।

लगातार रहे हैं आलोचनाओं का शिकार
फैन्स काफी समय से अभिषेक बच्चन के सफल कमबैक का इंतज़ार कर रहे थे। और उन्होंने 2020 में एक सफल वेब सीरीज़ और फिर एक शानदार फिल्म के साथ फैन्स का दिल जीत लिया। अब उनके आगे के प्रोजेक्ट्स के लिए फैन्स उत्साहित हैं। अभिषेक बच्चन का डेब्यू जहां धड़ाम से गिर गया वहीं उसके बाद भी उनके चुनाव ज़्यादा सही नहीं रहे। उन्होंने वो फिल्में चुनीं जो उनके स्क्रीन लुक पर बिल्कुल जमी नहीं और यही वजह है कि अभिषेक लगातार तुलना और आलोचनाओं का शिकार बनते रहे।

फैन्स ने लगाए इलज़ाम
फैन्स ने हमेशा ये आरोप लगाया कि कहीं ना कहीं अभिषेक मेहनत करने में चुक गए। उन्हें फिल्मों में रोल के हिसाब से ज्यादा मेहनत नहीं की जिससे उनकी इमेज एक मेहनती एक्टर की बनती जो रणबीर कपूर के साथ हुआ। जब-जब उन्होंने ऐसा किया वो हिट रहे चाहे वो युवा, बंटी और बबली या गुरू हो। अभिषेक ने कई ऐसी फिल्में की जो उन्हें नहीं चुनना चाहिए था।

हो गए थे टाईपकास्ट
अभिषेक का सपोर्टिंग एक्टर के किरदारों के लिए हां कहना उन पर और भारी पड़ गया और उन्हें वैसे ही रोल मिलना शुरू हो गए जिनमें उनकी भूमिका मेहमान कलाकार से ज़्यादा नहीं रही गई। इसमें कोई शक नहीं है कि अभिषेक को उपर अमिताभ के बेटे होने का शुरू से दबाव था। हालांकि वो इससे अच्छी तरह से निपटे लेकिन दबाब का असर फिल्मों पर जरूर दिखा तभी वो शायद गलत फिल्में भी लगातार कर बैठे। अगर ओटीटी पर उनका सफर शुरू नहीं होता तो शायद अभिषेक अभी भी अपने करियर की नई दिशा के लिए संघर्ष कर रहे होते।

आने वाली फिल्में
अगर अगर आने वाली फिल्मों की बात करें तो अभिषेक बच्चन कहानी के स्पिन ऑफ बॉब बिस्वास के अलावा दिनेश विजान की दसवीं में दिखाई देंगे। अभिषेक बच्चन दसवीं में गंगा राम चौधरी नाम के एक भ्रष्ट नेता के किरदार में दिखाई देने वाले हैं। इसके अलावा इन दोनों ही फिल्मों से उनका करियर एक नई राह पकड़ सकता है। इसके अलावा अभिषेक बच्चन ने तमिल थ्रिलर ओत्था सेरुपू 7 के रीमेक खरीदे और इसकी शूटिंग भी पूरी कर ली है।

बॉब बिस्वास से जीतेंगे दिल
फिल्म से अभिषेक बच्चन का लुक लीक होने के बाद से ही फैन्स की इस फिल्म में दिलचस्पी बढ़ चुकी है। क्योंकि अभिषेक का लुक देखकर लोगों को केवल बॉब बिस्वास याद आए थे। फिल्म में अभिषेक बच्चन के साथ चित्रांगदा सिंह दिखाई देंगी और इसे दीया घोष डायरेक्ट कर रही हैं।


Click it and Unblock the Notifications











