रणबीर कपूर जैसा बनना चाहते हैं पुनीत
एक्टर पुनीत पाठक निर्देशक रेमो डिसूजा की अगली फिल्म 'एबीसीडी 2' में काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। आने वाली फिल्म के पहले संस्करण 'एबीसीडी' में काम कर चुके पुनीत कहते हैं कि यह फिल्म अपने पिछले संस्करण से कहीं बेहतर होगी। पुनीत पाठक रणबीर कपूर के बड़े फैन हैं और पुनीत का कहना है कि वो रणबीर कपूर की तरह ही एक बड़े और अच्छे एक्टर बनना चाहते हैं।
पुनीत ने आईएएनएस को बताया, "अभी फिल्म की पटकथा पर काम चल रहा है और इसके प्रदर्शन की तारीख तय नहीं है। लेकिन 'एबीसीडी' के प्रदर्शन के समय रेमो सर और यूटीवी पिक्चर्स ने इसके अगले संस्करण की घोषणा की थी।" पुनीत ने पिछली फिल्म में नशे के आदी युवक की भूमिका की थी, उन्हें इस बात की खुशी है कि उनके अभिनय को सभी की सराहना मिली। वह कहते हैं, "मैं हर तरह का अभिनय करना चाहता हूं। अभी मैं फिल्मों में नया हूं और आगे प्रेम और मारधाड़ वाली भूमिकाएं भी करना चाहता हूं।"
उन्होंने कहा, "मैं रणबीर कपूर की तरह सफल अभिनेता बनना चाहता हूं। वह बेहतरीन अभिनेता हैं।" फिलहाल पुनीत आने वाले टीवी रिएलिटी कार्यक्रम 'झलक दिखला जा' की तैयारियों में व्यस्त हैं। पुनीत कार्यक्रम में एक प्रसिद्ध लोकप्रिय नृत्य प्रतिभागी जोड़े के नृत्य निर्देशक होंगे।


Click it and Unblock the Notifications












