आयुष शर्मा ने सलमान खान के साथ शेयर की एक अनदेखी तस्वीर, लिखा एक खास 'थैंक यू' नोट
आयुष शर्मा और सलमान खान स्टारर फिल्म 'अंतिम द फाइनल ट्रुथ' को दर्शकों से पॉजिटिव प्रतिक्रिया मिली है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 7.7 IMDb रेटिंग के साथ, अंतिम ने सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली फिल्मों में टॉप स्थान हासिल किया है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अब तक 37.55 करोड़ का बिजनेस किया है।
आयुष शर्मा ने 'अंतिम' की सफलता के बाद सलमान खान के लिए सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त किया। एक्टर ने सलमान खान के साथ अंतिम की सेट से एक अनदेखी तस्वीर शेयर की है और लिखा, 'मुझ पर विश्वास करने के लिए थैंक यू'। बता दें, महेश मांजरेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आयुष शर्मा, सलमान खान और महिमा मकवाना मुख्य कलाकार हैं।

आयुष ने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा- "यह तस्वीर मेरे लिए सिर्फ एक तस्वीर नहीं है। यह मेरे लिए मेरी दुनिया है। क्योंकि कैमरे के पीछे यही होता है। यह तस्वीर इसका प्रतीक है कि भाई सलमान ने मेरे लिए क्या किया है। 'अंतिम' संभव नहीं होता अगर भाई ने 3 साल तक इस प्रोजेक्ट पर अपना विश्वास नहीं रखा होता। अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालकर यह सुनिश्चित करने के लिए कि फिल्म इस तरह से बने।"

मुझ पर विश्वास करने के लिए धन्यवाद
एक्टर ने आगे लिखा- "बहुत धन्यवाद मुझ पर विश्वास रखने के लिए, उस समय जब मेरा विश्वास डगमगा रहा था। मुझे अभी भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मुझे आपके साथ एक ही फ्रेम में रहने का अवसर मिला है। इतने प्यार, समर्थन और मार्गदर्शन के लिए भाई का बहुत-बहुत धन्यवाद।"

अंतिम बॉक्स ऑफिस
अंतिम ने बॉक्स ऑफिस पर 5 करोड़ की ओपनिंग ली थी। फिल्म ने फर्स्ट वीकेंड पर18.61 करोड़ और पहले हफ्ते में29.35 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म की अब तक की कुल कमाई है 37.55 करोड़।

सलमान खान के साथ काम करने की खुशी
फिल्म में सलमान खान के साथ काम करने को लेकर आयुष ने कहा था, "सलमान खान के साथ फ़िल्म करना हर नए कलाकार की तमन्ना होती है। मुझे नहीं पता था ये मेरे साथ इतनी जल्दी हो जाएगा, लेकिन जब मौका आया, तो मैंने ले लिया। मैंने तो शुरुआत में ये सोचा था कि एक भी सीन में यदि मैं अच्छा काम कर जाऊं, तो शायद लोग याद रखेंगे की सलमान खान के सामने एक सीन में कुछ ख़ास करके गया।"

बड़े दिल वाला इंसान
आयुष सलमान खान को 'बड़े दिल वाला इंसान' के रूप में परिभाषित करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि इंडस्ट्री में सपने बहुत लोग दिखाते हैं। और सपने जब टूटते हैं तो आपको छोड़ कर भागने वाले भी उतने ही मिल जाते हैं। लेकिन सलमान खान ऐसे इंसान हैं, जो जब आप गिरते हो तो आपको वापस उठाते हैं और एक विश्वास देते हैं की फिर लड़ो। यदि वो किसी पर विश्वास दिखाते हैं तो फिर साथ नहीं छोड़ते हैं। वो दिल से आपका साथ देते हैं।"


Click it and Unblock the Notifications











