हिंदी सिनेमा में रोमांस पर किताब
जानी-मानी फ़िल्म पत्रिका सिने ब्लिट्ज़ ने मुंबई में 'लव एंड लॉंगिंग इन हिंदी सिनेमा" नाम की एक कॉफ़ी-टेबल बुक पेश की है. किताब का विमोचन आमिर ख़ान और कैटरीना कैफ़ ने किया जो इस किताब के कवर पर भी नज़र आ रहे हैं. कवर पर आमिर और कैटरीना का पोज़ गुरु दत्त-वहीदा रहमान की साठ के दशक की फ़िल्म प्यासा से प्रेरित है.
ये पूछे जाने पर कि इस किताब के कवर के लिए उन्हें और कैटरीना कैफ़ को क्यों चुना गया आमिर ख़ान ने कहा कि इस बारे में फ़ैसला सिने ब्लिट्ज़ ने किया. आमिर कहते हैं, “मुझे नहीं लगता कि मैं ऐसा ऐक्टर हूं जो प्यार और रोमांस के साथ जुड़ा हूं क्योंकि मैंने बहुत अलग-अलग किस्म के रोल किए हैं."
कैटरीना को इस कवर के लिए शूट करके अच्छा लगा.
कैटरीना कहती हैं, “जब मुझसे इस शूट के बारे में पूछा गया तो मैं बहुत हैरान हुई थी. मैं वहीदा रहमान से कई बार मिल चुकी हूं. मेरे लिए ये शूट बहुत ख़ास था और सम्मान की बात थी क्योंकि वहीदा रहमान हिंदी सिनेमा की सबसे ख़ूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक हैं और आज पहले से भी ज़्यादा ख़ूबसूरत हैं." कैटरीना ने ये भी कहा कि वो आमिर के साथ भी काम करना चाहती थीं.
किताब के कवर पर गुरु दत्त की जगह लेने वाले आमिर निजी ज़िंदगी में भी गुरु दत्त के फ़ैन हैं. आमिर कहते हैं, “मेरी पसंदीदा फ़िल्मों में से एक प्यासा है और अगर उसका रीमेक बनता है तो मैं उसमें ज़रुर काम करना चाहूंगा".
अपनी ख़ुद की रोमांटिक फ़िल्मों में आमिर की पसंदीदा उनकी पहली फ़िल्म 'क़यामत से क़यामत तक" है. हालांकि आमिर कहते हैं कि अपनी फ़िल्मों में से पसंदीदा फ़िल्में चुनना उनके लिए आसान नहीं होता.
और वो कौन सी पुरानी रोमांटिक फ़िल्म है जिसके रीमेक में आमिर काम करना चाहेंगे ? आमिर ख़ान ने कहा, “राजकुमार और प्रिया राजवंश की फ़िल्म 'हीर रांझा" के रीमेक में मैं काम करना चाहूंगा. चेतन आनंद द्वारा निर्देशित ये फ़िल्म भारतीय सिनेमा में बहुत अनूठी है क्योंकि ये काफ़िये में थी."
इस किताब के लिए तस्वीरें अविनाश गोवारीकर ने खींची हैं. बुक लॉंच के मौके पर फ़िल्मकार करण जौहर, उद्योगपति विजय मालया और गुरु दत्त के बेटे अरुण दत्त भी मौजूद थे.


Click it and Unblock the Notifications











