पंजाब में शुरू हुई "लाल सिंह चड्डा" की शूटिंग- आमिर खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म
बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान इन दिनों अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फ़िल्म "लाल सिंह चड्डा" के साथ सुर्खियों का हिस्सा बने हुए है। हाल ही में फ़िल्म का लोगो जारी किया गया , वहीं अब आमिर फिल्म की शूटिंग शुरू करने के लिए तैयार हैं। लाल सिंह चड्ढा का पहला शेड्यूल पंजाब में शूट होना है। करीना कपूर कल से टीम को ज्वॉइन करेंगी।
इस फिल्म के लिए आमिर खान लंबे समय से अपने किरदार की तैयारियों में जुटे थे। आमिर इस फ़िल्म में एक पंजाबी व्यक्ति की भूमिका निभा रहे हैं जिसके लिए उन्होंने अपने फिजिकल ट्रांस्फोर्मेशन पर काम किया है और अपनी दाड़ी भी बढ़ाई है।

3 इडियट्स और तलाश के बाद आमिर खान- करीना कपूर की जोड़ी एक बार फिर साथ दिखने वाली है। कोई शक नहीं कि इन्हें साथ में देखना दिलचस्प होगा। बता दें, इस फिल्म को भारत भर में 100 से अधिक स्थानों पर फ़िल्माया जाएगा।
फिल्म 'लाल सिंह चड्डा', 1994 की प्रतिष्ठित हॉलीवुड क्लासिक और अमेरिकी कॉमेडी-ड्रामा 'फॉरेस्ट गंप' से प्रेरित है। अतुल कुलकर्णी द्वारा लिखित इस फिल्म का निर्देशन अद्वैत चंदन कर रहे हैं। वहीं, इसे वायाकॉम 18 स्टूडियोज़ और आमिर खान प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित किया जाएगा। फिल्म अगले साल 2020 की क्रिसमस पर रिलीज होने वाली है।


Click it and Unblock the Notifications