आमिर खान, सनी देओल और राजकुमार संतोषी की फिल्म का धमाकेदार ऐलान, 'लाहौर, 1947' के लिए तिकड़ी ने मिलाया हाथ

Lahore, 1947: आमिर खान ने अपने बैनर तले बन रही अगली फिल्म का धमाकेदार ऐलान किया है, और फैंस को शानदार सरप्राइज दिया है। जी हां, फिल्म का नाम है 'लाहौर, 1947', जिसके लिए आमिर ने डायरेक्टर राजकुमार संतोषी और सुपरस्टार सनी देओल के साथ हाथ मिलाया है। दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस की मूवी रोस्टर में 17वीं रिलीज भी होगी।
इस फिल्म के साथ बतौर प्रोड्यूसर आमिर खान जुड़े हैं, जबकि बेहतरीन फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी इस प्रोजेक्ट का निर्देशन करेंगे। फिल्म में मुख्य अभिनेता के तौर पर सनी देओल होंगे। सनी, आमिर और संतोषी की इस तिकड़ी के साथ ये विशाल प्रोजेक्ट सिनेमा प्रेमियों के लिए काफी खास होने वाला है।
सनी देओल और संतोषी का सुपरहिट रिकॉर्ड
बता दें, राजकुमार संतोषी और सनी देओल इससे पहले "घायल," "दामिनी," और "घातक" जैसी फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर तीन हिट फिल्में दे चुके हैं। इस शानदार ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए उम्मीद कर सकते हैं कि उनकी आने वाली फिल्म भी किसी एपिक से कम नहीं होगी।
वहीं, हाल ही में सनी देओल ने 500 करोड़ी मेगा ब्लॉकबस्टर "गदर 2" के साथ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। जिसके बाद से फैंस उनकी आगामी फिल्मों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
बॉक्स ऑफिस पर टकरा चुके हैं आमिर खान- सनी देओल
जो बात इस घोषणा को और भी खास बनाती है, वह यह है कि अतीत में सनी देओल और आमिर खान कई बार बॉक्स-ऑफिस क्लैश कर चुके हैं.. ज्यादातर जहां जीत दोनों की हुई। ये टकराव 1990 में देखी गई थी जब आमिर खान की दिल और सनी देओल की घायल एक ही दिन रिलीज़ हुई थीं। फिर 1996 में राजा हिंदुस्तानी वर्सेज घातक.. और इसके बाद 2001 में भारतीय सिनेमा का सबसे एपिक बॉक्स ऑफिस टकराव हुआ जब लगान उसी दिन गदर के साथ रिलीज़ हुई। अब पहली बार दोनों ने किसी प्रोजेक्ट पर हाथ मिलाया है।
वहीं, अंदाज अपना अपना के बाद आमिर खान और राजकुमार संतोषी भी सालों बाद साथ आए हैं। यह तिकड़ी फिल्म को दिसंबर 2023 या जनवरी 2024 के आसपास फ्लोर पर ले जाने की सोच रही है।


Click it and Unblock the Notifications











