8 साल बाद फिल्मों में कमबैक करने के लिए तैयार आमिर खान के भांजे? यहां जानें एक्टर का जवाब

Imran Khan on his comeback: बीते कुछ महीनों से एक्टर इमरान खान के कमबैक को लेकर काफी बातें चल रही हैं। जाने तू...या जाने ना, डेल्ही बेली, आई हेट लव स्टोरीज़ जैसी फिल्मों में काम कर चुके इमरान को आखिरी बार साल 2015 में फिल्म 'कट्टी बट्टी' में कंगना रनौत के साथ देखा गया था।
इमरान खान हाल ही में सोशल मीडिया पर सक्रिय हुए हैं, जिसके बाद से ही उनके फैंस उनकी कमबैक को लेकर कयास लगा रहे हैं। हाल ही में एक इवेंट के दौरान इमरान से जब इस बारे में सवाल किया गया.. तो एक्टर ने अपनी वापसी पर जवाब दिया।
2024 में करेंगे कमबैक!
आमिर खान के भांजे इमरान ने इन 8 सालों में डिप्रेशन से लेकर तलाक तक का दर्द झेला है। फिल्मों में कमबैक की बात पर एक्टर ने कहा, "कमबैक पर मेरे पास कोई ठोस जवाब नहीं है, लेकिन इतना मैं जरूर बता सकता हूं कि इन दिनों स्क्रिप्ट पढ़ रहा हूं और फिल्म निर्माताओं के साथ बातचीत भी कर रहा हूं। इसलिए मुझे उम्मीद है कि शायद अगले साल (2024) तक कोई ठोस नतीजा सामने आए।"
दर्शकों की तरह देखता हूं फिल्में
इसी इवेंट में इमरान ने फिल्मों के प्रति अपने प्यार को लेकर भी बातें कीं। एक्टर ने कहा, "बचपन से ही मुझे फिल्में देखने में मजा आता था। मुझे याद है जब मैं 8 साल का था, मैंने इंडियाना जोन्स देखी थी और इसने मेरे दिमाग पर छाप छोड़ी थी। मैंने इंडियाना जोन्स की तरह ही अपने लिए एक भूरे रंग की चमड़े की जैकेट खरीदी थी। मैं सिनेमा को आज भी ऑडियंस की तरह देखता हूं।"
बता दें, अफवाहें हैं कि इमरान खान इन दिनों निर्माता अब्बाय टायरवाला के साथ बातचीत में हैं, जो एक स्पाई- एक्शन ड्रामा सीरीज पर काम कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications