'सितारे जमीन पर' फिल्म के लिए आमिर खान कर रहे हैं मेहनत, 30 साल के करियर में पहली बार करेंगे ये नया काम

'सितारे ज़मीन पर' का पोस्टर आते ही लोगों को इस मच अवेटेड फिल्म की पहली झलक मिल गई है। इससे फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ गई है और सबसे बड़ी बात यह है कि आमिर खान काफी समय बाद बड़े पर्दे पर इस फिल्म के जरिए लौट रहे हैं। दिलचस्प बात ये है कि जिस तरह पहली फिल्म लोगों के दिलों में खास जगह रखती है, वैसे ही ये आमिर खान के करियर की पहली सीक्वल फिल्म है और वो भी तीन दशकों में पहली बार।
जी हां, आमिर खान ने अब तक कभी किसी फिल्म का सीक्वल नहीं किया। इंडियन सिनेमा को कई ब्लॉकबस्टर देने के बावजूद वो किसी भी सीक्वल का हिस्सा नहीं बने, लेकिन सितारे जमीन पर उनकी फिल्मोग्राफी की पहली सीक्वल फिल्म होगी, जो इसे और भी खास बना देती है।
ध्यान देने वाली बात ये है कि 'सितारे जमीन पर' 2007 में आई तारे जमीन पर की स्पिरिचुअल सीक्वल है। उस फिल्म में ईशान नाम के 8 साल के बच्चे की कहानी दिखाई गई थी, जो कला में बेहद प्रतिभाशाली था लेकिन डिस्लेक्सिया से जूझ रहा था। उसके नए आर्ट टीचर निकुंभ (आमिर खान) को उसकी ये परेशानी समझ आती है। ये फिल्म लोगों के दिलों को छू गई थी और आज भी हमारी यादों में खास जगह बनाए हुए है।
इसके अलावा, सितारे जमीन पर के जरिए आमिर खान प्रोडक्शंस 10 नए चेहरों को लॉन्च कर रहा है। इनमें आरूष दत्ता, गोपी कृष्ण वर्मा, सम्वित देसाई, वेदांत शर्मा, आयुष भंसाली, आशीष पेंडसे, ऋषि शहानी, ऋषभ जैन, नमन मिश्रा और सिमरन मंगेशकर शामिल हैं। इस फिल्म का निर्देशन आर. एस. प्रसन्ना ने किया है, जो पहले शुभ मंगल सावधान जैसी सामाजिक रुकावटों को तोड़ने वाली हिट फिल्म भी बना चुके हैं। उन्होंने ऑन ए क्वेस्ट नाम की फिल्म भी प्रोड्यूस और डायरेक्ट की थी, जो स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की बायोपिक है, वही गुरु जिन्होंने चिन्मय मिशन की नींव रखने की प्रेरणा दी थी। प्रसन्ना हमेशा से ही सोचने पर मजबूर करने वाला और दिल को छू लेने वाला सिनेमा बनाते आए हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी सितारे जमीन पर में आमिर खान और जेनेलिया डिसूज़ा अहम भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म के गाने अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं और म्यूज़िक दिया है शंकर-एहसान लॉय ने। इसकी स्क्रिप्ट दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म को आमिर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है, जबकि रवि भगचंदका भी प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हैं। आर. एस. प्रसन्ना द्वारा निर्देशित यह फिल्म 20 जून को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।


Click it and Unblock the Notifications