आमिर खान ने कंफर्म कर दिया लाल सिंह चड्ढा में शाहरूख खान का कैमियो, बताई कैमियो की खास वजह
आमिर खान ने जब से लाल सिंह चड्ढा की शूटिंग शुरू की है तब से आमिर खान की इस फिल्म में शाहरूख खान और सलमान खान के कैमियो की बात थी। लेकिन फिर रिपोर्ट्स आईं कि ये दोनों ही कैमियो कैंसिल कर दिए गए हैं। अब हाल ही में एक अमरीकी पत्रकार को इंटरव्यू देते हुए आमिर खान ने कंफर्म कर दिया कि फिल्म में शाहरूख खान का भी कैमियो है।
पत्रकार ने आमिर से पूछा - शाहरूख खान जैसे सुपरस्टार को एक छोटे से कैमियो के लिए आपने कैसे मनाया? आमिर खान का जवाब था, "शाहरूख मेरा दोस्त है। मैं उसके पास गया और बताया कि मुझे ऐसा सुपरस्टार चाहिए जैसे Elvis Presley हॉलीवुड के लिए हैं। जिसका स्टारडम बयान ना किया जा सके। इसलिए मैं तुम्हारे पास आया हूं। शाहरूख वैसे भी बहुत प्यारा है, उसने तुरंत ही हां कर दी।"

हालांकि, फिल्म में शाहरूख खान का रोल क्या है, ये फिलहाल सामने नहीं आ पाया है। इससे पहले रिपोर्ट्स थीं कि चूंकि फिल्म 47 से लेकर 90 के दशक तक की कहानी है इसलिए फिल्म में शाहरूख और सलमान अपने सबसे मशहूर किरदार राज और प्रेम के रूप में दिखाई देंगे। बात करें शाहरूख खान के कैमियो की तो वो जब भी परदे पर आते हैं फिल्मों में जान फूंक देते हैं। देखिए उनके कुछ यादगार कैमियो।

मलाईका के साथ आईटम नंबर
शाहरूख खान, करण जौहर और उनकी धर्मा प्रोडक्शन्स के लिए खास रहे हैं। 2003 में जब धर्मा ने शाहरूख खान के बिना एक फिल्म बनाने की सोची तो फिल्म में शाहरूख के लिए एक आईटम नंबर रखा गया। मलाईका अरोड़ा के साथ उनका ये गाना काल काल में हम तुम करें धमाल काफी फेमस हुआ था।

ऐश्वर्या राय के साथ आईटम नंबर
करिश्मा कपूर - नाना पाटेकर स्टारर इस फिल्म में शाहरूख खान का कैमियो, इश्क कमीना के लिए याद रखा जाता है। उनके और ऐश्वर्या राय की केमिस्ट्री को कोई नहीं भूल सकता। उस दौरान, शाहरूख खान ने अपनी चॉकलेट बॉय इमेज को तोड़ते हुए ये डांस नंबर किया था।
Recommended Video

भूतनाथ के नेवी ऑफिसर
भूतनाथ में शाहरूख खान बंकू के पापा की भूमिका में दिखाई दिए थे जो कि एक नेवी ऑफिसर होते हैं। फिल्म में शाहरूख खान और जुही चावला पति - पत्नी के किरदार में दिखाई दिए थे। फिल्म में शाहरूख खान के कई सीन थे।

भूतनाथ के साथ वापसी
भूतनाथ के बाद, भूतनाथ रिटर्न्स में भी शाहरूख खान ने एक कैमियो किया था और अमिताभ बच्चन के साथ नज़र आए थे। हालांकि, इस फिल्म में शाहरूख खान, अपनी पहली फिल्म से बिल्कुल अलग किरदार में थे। शाहरूख खान के शूटिंग के दौरान के सीन भी यूट्यूब पर मौजूद हैं।

सबसे अहम क्लाईमैक्स
शायद शाहरूख खान का सबसे सशक्त कैमियो। लक बाय चांस के अंत में शाहरूख खान आते हैं और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा सबसे कड़वा लेकिन ज़रूरी सच बताकर निकल जाते हैं। फिल्म के क्लाईमैक्स में शाहरूख खान सबका दिल जीत लेते हैं। ये फिल्म ज़ोया अख्तर की डेब्यू फिल्म थी।

छोटा सा लेकिन सशक्त कैमियो
यशराज फिल्म्स और शाहरूख खान का तो गहरा रिश्ता है ही। ऐसे में विवेक ओबेरॉय - रानी मुखर्जी स्टारर साथिया में शाहरूख खान अहम पड़ाव पर नज़र आए थे। फिल्म में शाहरूख खान एक ऑफिसर की भूमिका में थे और तबू उनकी पत्नी की भूमिका में जो विवेक ओबेरॉय के किरदार से एक अजीब सी सिचुएशन में टकराते हैं।

सलमान की फिल्म और भाई का कैमियो
चूंकि सलमान खान ने शाहरूख खान की कुछ कुछ होता है में सेकंड लीड निभाकर फिल्म को मज़बूती दी थी, तो शाहरूख खान भी सलमान खान की फिल्म हर दिल जो प्यार करेगा में नज़र आए थे। फिल्म में शाहरूख खान के साथ उनकी कुछ कुछ होता है की बिटिया सना सईद भी नज़र आई थीं।

एक डायलॉग से जीत ले गए दिल
शाहरूख खान को रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन पर देखकर फैन्स की चांदी हो गई थी। इसके बाद दोनों के साथ की कितनी फिल्मों की अफवाहें उड़ीं कि पूछिए ही मत। करण जौहर की फिल्म में शाहरूख खान, ऐश्वर्या राय के पति की भूमिका में नज़र आए थे जो केवल एक डायलॉग के साथ भी याद रह जाते हैं।

ट्यूबलाईट का जादूगर
शाहरूख खान आखिरी बार ट्यूबलाइट में कैमियो करते दिखाई दिए थे। सलमान खान की इस फिल्म में शाहरूख खान बेस्ट पार्ट थे ऐसा फैन्स तक ने माना था।

दुश्मन दुनिया का
कैमियो शब्द जब प्रचलन में भी नहीं था, उसके पहले के समय में महमूद की इस फिल्म में शाहरूख खान ने एक कैमियो किया था। दिलचस्प ये है कि फिल्म में सलमान ने भी कैमियो किया था और पोस्टर पर शाहरूख सलमान डाल कर ही फिल्म बेचने की कोशिश की गई थी।
कुछ महीनों पहले, शाहरूख खान से किसी ने ट्विटर पर पूछा था कि लाल सिंह चड्ढा देखी क्या? तो शाहरूख खान ने मज़ेदार जवाब देते हुए कहा था, यार आमिर कहता है, पहले पठान दिखाओ। वैसे रिपोर्ट्स की मानें तो आमिर खान ने शाहरूख खान के बंगले मन्नत पर ही उन्हें लाल सिंह चड्ढा दिखाई है और फिल्म साथ में देखने के बाद दोनों एक्टर्स ने इसके बारे में एक लंबी चर्चा की है।


Click it and Unblock the Notifications