"हम पति - पत्नी के तौर पर अलग हो रहे हैं"- साउथ सुपरस्टार नागा चैतन्य - समांथा रूथ प्रभु का एलान
साउथ सुपरस्टार नागा चैतन्य और उनकी पत्नी समांथा अक्किनेनी तेलुगू इंडस्ट्री के पावर कपल कहे जाते हैं। उनकी लव स्टोरी जितनी फिल्मी थी उतनी ही खूबसूरत भी। पिछले कुछ समय से उनके रिश्ते में दरार की खबरें आ रही थीं और अब नागा चैतन्य और समांथा रूथ प्रभु ने आखिरकार अपने अलग होने की घोषणा कर दी है।
नागा चैतन्य ने एक ट्विटर पोस्ट के ज़रिए लिखा - मेरे दोस्तों और शुभचिंतकों, बहुत सोचने समझने के बाद मैंने और समांथा ने पति - पत्नी के तौर पर अलग होने का फैसला कर लिया है। अब हम अपने अलग अलग रास्तों पर चलेंगे। हमारी दोस्ती 10 साल से भी ज़्यादा पुरानी है जो हमेशा हमारे साथ रहेगी। यही दोस्ती, हमारे इस रिश्ते की नींव है।

मैं मीडिया और हमारे दोस्तों और फैन्स से गुज़ारिश करता हूं कि इस समय हमारी निजता का सम्मान करें और हमें वो थोड़ी सुकून दें जो इस समय हमें आगे बढ़ने के लिए बहुत ज़रूरी है। आप सभी के सहयोग और साथ के लिए धन्यवाद।

टॉलीवुड के पावर कपल
गौरतलब है कि समांथा अक्किनेनी और नागा चैतन्य टॉलीवुड के पावर कपल कहे जाते थे। इनके अलग होने की खबरों से फैन्स का दिल टूट गया। समांथा अक्किनेनी और नागा चैतन्य के अलग होने की सुगबुगाहट काफी समय से थी। ये खबरें तब तेज़ हुई थीं जब समांथा अक्किनेनी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अपना नाम बदल कर समांथा रूथ प्रभु कर लिया था।

दोनों के हिंदी डेब्यू
नागा चैतन्य और समांथा अक्किनेनी दोनों के ही हिंदी डेब्यू चर्चा में रही। जहां समांथा रूथ प्रभु ने इस साल फैमिली मैन 2 के साथ अपना हिंदी डेब्यू किया वहीं नागा चैतन्य आमिर खान की फिल्म लाल सिंह चड्ढा के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू करने जा रहे हैं। दोनों ही इस समय हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का भी चर्चित नाम बन चुके हैं।

नागा चैतन्य के को स्टार आमिर खान
नागा चैतन्य लाल सिंह चड्ढा में एक अहम भूमिका में नज़र आने वाले हैं। आमिर खान ने भी इसी साल, अपनी पत्नी किरण राव से तलाक का एलान किया था। बात करें नागा चैतन्य की तो हाल ही में उनकी एक फिल्म को प्रमोट करने आमिर खान हैदराबाद तक पहुंच गए थे। इस फिल्म प्रमोशन के दौरान, आमिर खान लगातार नागा चैतन्य की तारीफ करते दिखाई दिए थे जिसे माना गया कि वो सबका ध्यान नागा चैतन्य के तलाक से हटाना चाहते थे।

फैमिली डिनर से गायब थीं समांथा
नागार्जुन के परिवार ने आमिर खान के लिए एक फैमिली डिनर रखा। इस डिनर से समांथा रूथ प्रभु गायब दिखाई दीं। इसके बाद नागा चैतन्य की तेलुगू फिल्म लव स्टोरी की सक्सेस पार्टी में भी समांथा नहीं दिखाई दीं जिसके बाद उनके अलग होने की खबरों पर मुहर लगा दी गई।

फैन्स का टूटा दिल
नागा चैतन्य और समांथा अक्किनेनी जो अब समांथा रूथ प्रभु हो चुकी हैं, दोनों की शादी खत्म होने की खबर से फैन्स का दिल टूट गया है। सोशल मीडिया पर फैन्स लगातार इनकी पुरानी तस्वीरें शेयर कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











