Laapataa Ladies: आमिर खान और किरण राव की फिल्म को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में मिली शानदार प्रतिक्रिया

Laapataa Ladies: किरण राव द्वारा निर्देशित जियो स्टूडियोज और आमिर खान प्रोडक्शंस की 'लापता लेडीज' 8 सितंबर को टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (टीआईएफएफ) में दिखाई गई , जहां फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिली। इस कॉमेडी-ड्रामा को दर्शकों से खूब तारीफ मिल रही है और आलोचकों ने भी इसकी सराहना की है।
'लापता लेडीज' के निर्माता आमिर खान और निर्देशक किरण राव अपनी फिल्म को मिल रही इस तरह की शानदार प्रतिक्रिया देखने के बाद खूशी से झूम उठे हैं।
किरण राव ने जताई खुशी
फिल्म को मिल रहे प्यार को लेकर डायरेक्टर किरण राव ने अपना आभार व्यक्त किया हैं। उन्होंने कहा, "एक फिल्ममेकर के लिए दर्शकों की हंसी, आंसुओं और तालियों से बेहतर कोई और अनुभव नहीं है। टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में हम लोगों का रिस्पॉस देखकर हम बेहद खुश हैं। हमें मिले समर्थन और प्यार के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद और अब हम जनवरी में भारत और बाकी दुनिया के सिनेमाघरों में "लापता लेडीज" लाने की उम्मीद कर रहे हैं।''
आमिर खान बोले- किरण पर गर्व है
वहीं आमिर खान ने कहा, "लापता लेडीज़ को मिली दर्शकों, प्रेस और इंडस्ट्री की प्रतिक्रिया से मैं बहुत खुश हूं। मुझे विशेष रूप से किरण पर गर्व है। एक मजबूत आवाज के रूप में उनका उदय हुआ है। अब 5 जनवरी को फिल्म रिलीज होने का इंतजार नहीं कर सकता।"
'लापता लेडीज' बतौर निर्देशक किरण राव की पहली निर्देशित फिल्म धोबी घाट के बाद उनकी अगली फिल्म हैं। इस फिल्म से आमिर खान और किरण राव एक साथ आए हैं।
जियो स्टूडियोज द्वारा प्रस्तुत, 'लापता लेडीज' किरण राव द्वारा निर्देशित और आमिर खान और ज्योति देशपांडे द्वारा निर्मित हैं। यह फिल्म आमिर खान प्रोडक्शंस और किंडलिंग प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाई गई है, जिसकी स्क्रिप्ट बिप्लब गोस्वामी की अवॉर्ड विनिंग कहानी पर आधारित है। इसका स्क्रीनप्ले और डायलॉग स्नेहा देसाई द्वारा लिखे गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications