सेना के जवानों के बीच नहीं रह पाये आमिर
फिल्म '3 इडियट्स' के प्रमोशन के लिए आमिर खान पूरे देश में घूम रहे हैं। वाराणसी से ये सिलसिला शुरू करने वाले आमिर छिपे हुए भेष में सब जगह घूम रहे हैं। कमाल की बात ये है कि उनकी इय मुहिम में सेलेब्रिटी से ले कर आम इंसान तक शामिल है।
कोलकाता में आमिर सौरव गांगुली के घर गये और पंजाब के फरीदकोट के छोटे से गांव में बिन बुलाये मेहमान बन कर नाचे भी। अब आमिर खान का अगला पड़ाव क्या होगा? ये जानने के लिए अटकलें जारी थीं कि खबर मिली की आमिर खान को तमिलनाडु में चेन्नई की 'ऑफीसर्स ट्रेनिंग एकेडमी' (ओटीए) में भारतीय सेना के कैडेट्स के साथ एक दिन बिताने की इजाजत नहीं मिल पायी।
तो ये हो सकता था आमिर का अगला पड़ाव। सूत्रों का कहना है, "फिल्म अभिनेता ने रक्षा मंत्रालय से अनुरोध कर ओटीए में एक दिन बिताने की इजाजत मांगी थी लेकिन उन्हें यह इजाजत देने से मना कर दिया गया है और इसके पीछे कोई कारण भी नहीं बताया गया है।" आमिर कैडेट्स से मुलाकात करना और उनके जीवन को करीब से देखना चाहते थे। 'शॉर्ट सर्विस कमीशन' की परीक्षा पास कर इस संस्थान से हर साल 500 कैडिट बाहर निकलते हैं।
अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आमिर अपनी भविष्य की परियोजनाओं के लिए सेना के संस्थान में समय बिताना चाहते थे या शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही उनकी फिल्म '3 इडियट्स' के प्रचार के लिए कैडेट्स से मिलना चाहते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











