आदेश और एकॉन की जुगलबंदी

आदेश श्रीवास्तव गायक एकॉन के साथ.
संगीतकार आदेश श्रीवास्तव ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त अफ़्रीकी मूल के अमरीकी गायक एकॉन के साथ गाना गाया.
उन्होंने अपने नए एलबम 'वन फ़ॉर द वर्ल्ड' में एकॉन के साथ ये जुगलबंदी की.
बीबीसी से बात करते हुए आदेश ने बताया, "एकॉन बहुत ही प्रतिभाशाली गायक हैं. हम दोनों करीब छह साल से एक दूसरे को जानते हैं. मैं इससे पहले उनके साथ लॉस एंजिल्स में परफॉर्म कर चुका हूं."
आदेश ने बताया कि उनके इस नए एलबम का उद्देश्य पूरी दुनिया में शांति का संदेश देना है. इसका एक वीडियो भी शूट किया गया है, उसी की शूटिंग के सिलसिले में हाल ही में एकॉन भारत आए थे.
एलबम के इस वीडियो में अमिताभ बच्चन भी नज़र आएंगे. आदेश के बेटे अवितेश ने भी एकॉन के साथ इस एलबम का एक गाना गाया है.
आदेश कहते हैं, "मेरे बेटे के साथ गाने का आइडिया एकॉन का ही था. हालांकि अवितेष अभी 15 साल का ही है और मैं चाहता हूं कि वो पहले अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे."
आदेश ने बताया कि ये एलबम अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर इसी साल रिलीज़ होगा.
एकॉन की बात करें तो वो शाहरुख़ ख़ान की होम प्रोडक्शन फ़िल्म रा.वन में भी एक गाना गा रहे हैं.
इससे पहले भारतीय गायिका सुनिधि चौहान भी अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक एनरीके के साथ एक गाना गा चुकी हैं.


Click it and Unblock the Notifications











