67 गानों को पुलिस ने तुरंत हटाया, इस तरह के म्यूजिक को लाइक और शेयर करने वाले लोगों पर भी गिरेगी गाज
Haryana Police action against songs: हरियाणा पुलिस ने आज के युवाओं में बढ़ते गैंगस्टर कल्चर और हथियारों का बढ़-चढ़कर इस्तेमाल करने के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। इस कदम के बारे में जानकर आपको भी खुशी हो सकती है। पुलिस ने हिंसा, बंदूक कल्चर और क्राइम को बढ़ावा देने वाले 67 गानों को सोशल मीडिया और म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स से हटवा दिया है।

हरियाणा के पुलिस डायरेक्टर जनरल (DGP) अजय सिंघल ने बताया कि यह कार्रवाई सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में ऐसे कंटेंट पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि समाज और युवाओं के भविष्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
क्यों उठाया गया ये सख्त कदम?
पुलिस की जांच में सामने आया कि कई गाने गैंगस्टरों को हीरो बनाकर पेश कर रहे थे और अपराध से जुड़ी जिंदगी को ग्लैमरस दिखा रहे थे। इससे युवा वर्ग पर गलत असर पड़ रहा था और कई लोग अपराध की राह की ओर अट्रैक्ट हो रहे थे। इसी को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और साइबर यूनिट ने मिलकर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की कड़ी निगरानी शुरू की।
STF और साइबर यूनिट की संयुक्त कार्रवाई
जांच के दौरान ऐसे कई गाने पाए गए, जो हथियारों की खुलेआम तारीफ करते थे, हिंसा को नॉर्मल दिखाते थे। गैंगस्टर लाइफस्टाइल को लग्जरी और पावरफुल बताकर पेश करते थे। इसके बाद पुलिस ने संबंधित प्लेटफॉर्म्स से संपर्क कर 67 आपत्तिजनक गानों को हटाने या ब्लॉक कराने की कार्रवाई की।
DGP अजय सिंघल का बड़ा बयान
DGP अजय सिंघल ने कहा कि ऐसे गाने अपराधियों को रोल मॉडल बनाते हैं, जबकि हकीकत में अपराध केवल तबाही और दुख देता है। उन्होंने बताया कि अपराध की कीमत सिर्फ अपराधी ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों को भी चुकानी पड़ती है। उन्होंने दो टूक कहा, 'कोई भी प्लेटफॉर्म ऐसा कंटेंट होस्ट नहीं करेगा जो क्राइम कल्चर को बढ़ावा दे।'
कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को सख्त चेतावनी
STF के IG सतीश बालन ने बताया कि पुलिस ने सिंगर्स, कंपोजर्स और डिजिटल क्रिएटर्स के साथ मीटिंग्स भी की हैं। उन्हें साफ तौर पर कहा गया है कि हिंसा, गैंगस्टर, हथियार को ग्लोरिफाई करने वाला कंटेंट न बनाएं। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस उन सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी नजर रख रही है, जो अपराधियों से जुड़े पोस्ट को लाइक या शेयर करते हैं। कई बार गैंगस्टर इसी रास्ते से युवाओं को अपने जाल में फंसाते हैं।


Click it and Unblock the Notifications











