6 Days to Ram Setu: अक्षय कुमार स्टारर 'राम सेतु' से जुड़ी खास बातें जानें यहां- कहानी से लेकर बजट तक

अक्षय कुमार [Akshay Kumar], नुसरत भरूचा और जैकलीन फर्नाडीज स्टारर एक्शन- एडवेंचर फिल्म 'राम सेतु' 25 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। अभिषेक शर्मा द्वारा निर्देशित ये फिल्म सुर्खियों से लेकर विवादों में भी आ चुकी है। लेकिन बॉक्स ऑफिस एनालिस्ट्स से लेकर फैंस तक को इस दिवाली रिलीज का खासा इंतजार है।
बीच में अफवाहें उठी थीं कि राम सेतु को कई ओटीटी प्लेटफॉर्म द्वारा अप्रोच किया गया है और यह अमेज़न प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। लेकिन बता दें, ये सभी अफवाहें गलत साबित हुई हैं। फिल्म बड़ी स्क्रीन पर ही रिलीज होने वाली है। हालांकि, प्राइम वीडियो बतौर प्रोड्यूसर इस फिल्म से जुड़ी है।
फिल्म में अक्षय कुमार एक पुरातत्वविद् का किरदार निभा रहा हूं। फिल्म के बारे में बात करते हुए अक्षय कुमार कहते हैं कि, "राम सेतु पीढ़ियों के अतीत, वर्तमान और भविष्य के बीच का सेतु है।" बता दें, ये फिल्म अजय देवगन स्टारर फिल्म 'थैंक गॉड' से बॉक्स ऑफिस पर क्लैश भी होने वाली है। दोनों ही बड़ी फिल्में हैं.. लिहाजा दोनों फिल्मों का कलेक्शन पूरी तरह से वर्ड ऑफ माउथ पर निर्भर करेगा।

कहानी
फिल्म के नाम से ही समझ सकते हैं कि इसकी कहानी भगवान श्रीराम की सेना द्वारा बनाए गए पुल 'रामसेतु' के इर्द-गिर्द बुनी गई है। लेकिन ये कोई पौराणिक कथा पर बनी फिल्म नहीं है, बल्कि इस विषय पर बनी एक्शन- थ्रिलर है। फिल्म में अक्षय कुमार एक आर्कियोलॉजिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं। सरकार ने रामसेतु को तोड़ने की मांग सुप्रीम कोर्ट से की है। इसके बाद अक्षय को इस रिसर्च पर भेजा जाता है कि वह असल में रामसेतु है या नहीं। इसी को लेकर कहानी सस्पेंस, और एक्शन के साथ आगे बढ़ेगी। फिल्म में अक्षय कुमार की पत्नी के रोल में नुसरत भरूचा दिखेंगी।

बजट और कमाई
फिल्म में वीएफएक्स का काफी इस्तेमाल हुआ है, लिहाजा इसका बजट भी काफी भारी भरकम है। फिल्म का बजट 140 करोड़ तक का बताया जा रहा है। लिहाजा, फिल्म को हिट की श्रेणी में आने के लिए किसी भी तरह 200 करोड़ का आंकड़ा पार करना होगा। यदि फिल्म 20 से 25 करोड़ तक की ओपनिंग देती है.. तो इसका आगे का रास्ता कुछ आसान हो सकता है।
लेकिन बता दें, इस साल रिलीज हुई अक्षय कुमार की सभी तीनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही हैं।

स्टारकास्ट और शूटिंग
फिल्म में अक्षय कुमार, नुसरत भरूचा, जैकलीन फर्नाडीज़, सत्यदेव कांचराना, नासर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म की शूटिंग ऊटी, दीव और मुंबई में की गई है। पहले इसकी शूटिंग श्रीलंका में की जानी थी, लेकिन कोविड 19 की बढ़ते मामलों के बीच इसे भारत में ही शूट कर लिया गया।

बॉक्स ऑफिस पर कर पाएगी जादू!
सच कहा जाए तो फिल्म का क्रेज फिलहाल काफी कम है। दिवाली पर यह अजय देवगन की फिल्म 'थैंक गॉड' से क्लैश होने वाली है। लेकिन फिलहाल देखा जाए तो दोनों ही फिल्में दर्शकों के बीच अपनी जगह नहीं बना पाई है। लिहाजा, फिल्म के लिए वर्ड ऑफ माउथ काफी मायने रखता है। यदि फिल्म का कंटेंट लोगों को पसंद आया.. फिल्म के पास कमाने के लिए लंबा समय है। बता दें, यह मंगलवार के दिन रिलीज हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications











