मंदी के असर से अछूती रही '3 इडियट्स'

देश के शिक्षा तंत्र पर कटाक्ष करने वाली फिल्म '3 इडियट्स' पिछले साल 25 दिसम्बर को प्रदर्शित हुई थी और अब तक यह फिल्म दुनियाभर से 382 करोड़ रुपये का व्यवसाय कर चुकी है।
नोएडा में स्पाइस सिनेमा के मैनेजर अमित अवस्थी ने बताया "फिल्म '3 इडियट्स' से पूर्व में हुए नुकसान की भरपाई हो गयी है। अब तक इस फिल्म से 1.6 करोड़ रुपये का सकल राजस्व प्राप्त हो चुका है। इस फिल्म से बहुत अधिक उम्मीदें थीं और ये सभी उम्मीदें पूरी हुई हैं।"
अवस्थी ने कहा, "इस फिल्म ने आमिर खान को एक ब्रांड के रूप में स्थापित किया है। उनकी हर साल एक ही फिल्म आती है और वह बेहद सफल रहती है। दर्शक उनकी फिल्म का टिकट लेने को कितना भी पैसा चुकाने के लिए तैयार रहते हैं।"
पिछले साल राजस्व की साझेदारी को लेकर निर्माताओं, वितरकों और मल्टीप्लेक्स मालिकों के बीच दो महीने तक गतिरोध रहा था। इस गतिरोध के चलते हिंदी फिल्म उद्योग को 300 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
निर्माताओं, वितरकों और मल्टीप्लेक्स मालिकों के बीच यह गतिरोध पिछले साल फरवरी में शुरू हुआ था। निर्माता सभी फिल्मों के राजस्व का 50 प्रतिशत हिस्सा सीधे तौर पर लेना चाहते थे जबकि वितरक और मल्टीप्लेक्स मालिक प्रत्येक फिल्म की आय के आधार पर साझेदारी चाहते थे।
परिणामस्वरूप निर्माताओं ने चार अप्रैल से एक हड़ताल की घोषणा कर दी थी और इस दौरान एक भी फिल्म प्रदर्शित नहीं हुई थी। दोनों पक्षों के बीच नई राजस्व साझेदारी पर सहमति बन जाने के बाद ही यह हड़ताल समाप्त हुई थी।


Click it and Unblock the Notifications











