याराना के 25 साल- माधुरी दीक्षित को याद आए ऋषि कपूर और सरोज खान, लिखा इमोशनल पोस्ट, शेयर की तस्वीरें
माधुरी दीक्षित और ऋषि कपूर स्टारर फिल्म 'याराना' की रिलीज को 25 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर माधुरी दीक्षित ने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं। तस्वीरों के साथ साथ माधुरी ने दोनों दिवंगत कलाकारों को याद किया है और ये पोस्ट उन्हें समर्पित किया है। यह एक रोमांटिक थ्रिलर फिल्म थी, जिसका निर्देशन डेविड धवन ने किया था।
फिल्म की तस्वीरें शेयर करते हुए माधुरी दीक्षित ने लिखा, "ऋषि जी के साथ का काम करना और 'मेरे पिया घर आया' के डांसिंग स्टेप्स सरोज जी से सीखना मेरे सबसे यादगार पलों में से एक रहा है। आज याराना के 25 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर मैं इन दोनों लेजेंड्स को याद कर रही हूं और इनके प्रति आभार व्यक्त कर रही हूं। यह उनको और पूरी टीम को समर्पित है।"

फिल्म इंडस्ट्री में तीन दशक से भी ज्यादा का वक्त गुज़ार चुकीं अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के करियर की यादगार फिल्मों में से एक रही है 'याराना'। फिल्म से उनका गाना 'मेरे पिया घर आया' बहुत ही पॉपुलर रहा था और आज भी उसका जादू बरकरार है।
वहीं, ऋषि कपूर से पहले इस फिल्म के लिए गोविंदा और जैकी श्रॉफ को अप्रोच किया गया। दोनों ने इंकार कर दिया, जिसके बाद माधुरी के साथ ऋषि कपूर की जोड़ी बनी। वहीं, राज बब्बर के रोल के लिए कमल हासन से बात की गई थी, लेकिन विलेन बनना उन्होंने स्वीकार नहीं किया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।
बता दें कि ऋषि कपूर और सरोज खान दोनों ने ही साल 2020 में दुनिया को अलविदा कह दिया। ऋषि कपूर पिछले डेढ़ सालों से लंदन में कैंसर का इलाज करवा रहे थे। अचानक की फरवरी में उनकी तबीयत बिगड़ गई और अप्रैल में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। वहीं, मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का 71 की उम्र में 4 जुलाई को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।


Click it and Unblock the Notifications













