संजय की वापसी पर बनेगी 'मुन्ना भाई' श्रृंखला
चर्चित फिल्म 'मुन्ना भाई' श्रंखला के निर्माता राजकुमार हिरानी और विधु विनोद चोपड़ा का कहना है कि वह इस श्रेणी की अगली फिल्म के लिए संजय दत्त के जेल से बाहर आने का इंतजार करेंगे। संजय 1993 के मुम्बई धमाके के मामले में न्यायालय में आत्मसमर्पण करेंगे और उन्होंने जेल से बाहर आने के बाद 'मुन्ना भाई' श्रंखला में काम करने की इच्छा जताई है।
हिरानी और चोपड़ा ने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा, "दो दिन पहले संजय ने फोन कर कहा, 'जेल में रहना कठिन है लेकिन मैं इसके लिए तैयार हूं क्योंकि मैं जब वापस आउंगा, मैं आजादी को सही रूप में महसूस करूंगा। मैं उस चीज से आजाद हो जाउंगा जो पिछले 20 साल से मेरी पीठ पर बैठकर मुझे डरा रही है। जब मैं जेल से बाहर आउंगा, तब मैं सीधे 'मुन्ना भाई' के सेट पर आना चाहता हूं।"

'जंजीर' के नए संस्करण, 'पुलिसगिरी' और 'पी.के' में अभिनय कर रहे संजय को गैरकानूनी तरीके से हथियार रखने के मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने पांच साल की सजा सुनाई है।
इस बीच, हिरानी और चोपड़ा मानते हैं कि सरकार उनके साथ नरमी बरत सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications