विश्व कप के दौरान जारी होंगे 'हाउसफुल 2' के दृश्य
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। निर्देशक साजिद खान की फिल्म 'हाउसफुल 2' की शूटिंग शुरू होना अभी बाकी है लेकिन इसमें दर्शकों की उत्सुकता जगाने के लिए क्रिकेट विश्व कप के दौरान इसके विज्ञापन दृश्य जारी किए जा रहे हैं।
साजिद नाडियाडवाला के निर्माण में बनने जा रही इस फिल्म का प्रदर्शन अगले साल होगा और मई में इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी। इस हास्यप्रधान फिल्म में अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम, ऋषि कपूर, रणधीर कपूर, आसिन, राहुल खन्ना, जैकलीन फर्नाडीज और मिथुन चक्रवर्ती अभिनय करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक यह फिल्म बॉक्सऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर सके इसलिए नाडियाडवाला कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। उन्होंने कुछ खूबसूरत स्थलों पर फिल्म की शूटिंग करने और कुछ जोशीले गीत इसमें डालने की योजना बनाई है। नाडियाडवाला ने फिल्म के प्रदर्शन से एक साल पहले ही इसके प्रचार की शुरुआत कर दी है।
यह फिल्म 'हाउसफुल' का दूसरा संस्करण है। 'हाउसफुल' में रितेश देशमुख, लारा दत्ता, दीपिका पादुकोण, बोमन ईरानी, अर्जुन रामपाल, जिया खान और अक्षय ने अभिनय किया था और इस फिल्म ने बॉक्सऑफिस पर अच्छा व्यवसाय किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











