नई फिल्म के लिए छरहरे हुए अरुणोदय
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। फिल्म 'आयशा' में अपनी भारी-भरकम काया से सभी को प्रभावित कर चुके अभिनेता अरुणोदय सिंह से निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की नई फिल्म के लिए दुबला-पतला होने को कहा गया। राजनीतिक रोमांच से भरी इस फिल्म को अब तक कोई शीर्षक नहीं दिया गया है।
अरुणोदय ने अब तक चार फिल्मों में अभिनय किया है। इस नई फिल्म के लिए अग्निहोत्री ने उन्हें अपने शरीर पर काम करने व अपना वजन कुछ कम करने का निर्देश दिया। फिल्म में वह बिजनस स्कूल के एक छात्र की भूमिका में हैं।
अग्निहोत्री ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है, "बिजनस स्कूल के छात्र की भूमिका के लिए जो कुछ चाहिए था अरुणोदय में वह सब कुछ था, बस उन्हें अपने शरीर पर थोड़ा काम करना था। हम उन्हें एक छात्र के रूप में दिखाना चाहते हैं जो अपना वजन बढ़ाने की बजाए अवधारणओं में उलझा रहता है।" अग्निहोत्री की अंतिम फिल्म 'धन धना धन गोल' थी।
अरुणोदय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अर्जुन सिंह के पोते हैं। उन्होंने पिछले दो सालों में 'सिकंदर', 'आयशा', 'मिर्च' और 'ये साली जिंदगी' में अभिनय किया है।
अग्निहोत्री की फिल्म में अरुणोदय के साथ माही गिल और अनुपम खेर भी नजर आएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











