हुसैन ने 'मुगल-ए-आजम' को पेंटिंग्स में उतारा
'मुगल-ए-आजम' पर बनी 22 मिनट की वृत्तचित्र फिल्म में हुसैन कहते हैं, "मैं भारत से प्यार करता हूं। मुझे यह फिल्म बहुत पसंद आई थी और मैं वास्तव में इसकी भव्यता और ताकत को चित्रों में उतारना चाहता था।"
अभिनेता शाहरुख खान की निर्माण कम्पनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट ने इस वृत्तचित्र का निर्माण किया है। गुरुवार रात जेडब्ल्यू मैरियोट होटल में इसका प्रदर्शन हुआ।
वृत्तचित्र में दिखाया गया है कि किस तरह इस श्वेत-श्याम फिल्म को रंगीन फिल्म में बदलकर भविष्य की पीढ़ियों के लिए संरक्षित किया गया।
सिनेमाई खजाने को जीवित रखने के मकसद से आसिफ के बेटे अकबर आसिफ की पहल पर इस वृत्तचित्र का निर्माण हुआ है। उन्होंने शरूपजी मिस्त्री के साथ मिलकर 2006 में इस फिल्म का रंगीन संस्करण पेश किया था।
इस अवसर पर शाहरुख ने कहा, "हमारे संग्रह में ऐसी अनेकों फिल्में हैं लेकिन लम्बे समय से ढेर लगाकर रखी गई इन कालातीत फिल्मों के प्रिंट्स और नेगेटिव्स खस्ताहाल हो रहे हैं।"
इस फिल्म के कलाकारों में से सिर्फ दिलीप कुमार ही जीवित बचे हैं। शाहरुख ने कहा कि यह फिल्म उन्हें दिखाई जाएगी।
उन्होंने कहा, "मैं उन्हें यह वृत्तचित्र फिल्म दिखाऊंगा। वह इसे देखना पसंद करेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications