बॉलीवुड कलाकारों ने भारतीय क्रिकेट टीम को दी शुभकामना
नई दिल्ली, 19 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड कलाकार अक्षय कुमार और बिपाशा बसु सहित कई बॉलीवुड सितारों ने भारतीय टीम को विश्व क्रिकेट कप 2011 के उनके पहले मैच के लिए शुभकामना संदेश दिया है। भारत अपना पहला मैच शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेल रहा है।
सोशल नेटवर्किं ग वेबसाइट ट्विटर पर अभिनेत्री बिपाशा बसु ने कहा, "भारत के लिए आज एक बड़ा दिन है। मुझे भरोसा है भारत यह मैच जीतेगा। मैं माही और उनकी टीम को जीत के लिए अपनी शुभकामनाएं देती हूं।"
भारतीय टीम के मैच को लेकर उत्साहित अभिनेता अक्षय कुमार ने वेबसाइट पर कहा, "प्रत्येक भारतीय का सबसे बड़ा त्योहार (क्रिकेट विश्व कप) आखिरकार शुरू हो गया। मेरी शुभकामनाएं भारतीय टीम के साथ हैं।"
महान गायिका आशा भोसले ने कहा, "मैं आपके बारे में ज्यादा नहीं जानती लेकिन मैं विश्व कप का पहला मैच टेलीविजन पर देखूंगी। जय हिंद।"
दीया मिर्जा जैसे कुछ ऐसे कलाकार भी हैं जिन्होंने अपने प्रशंसकों से मैच के बारे में उन्हें जानकारी देते रहने के लिए कहा है।
दीया ने कहा, "शूटिंग में व्यस्त होने के कारण हम विश्व कप के मैच नहीं देख पाएंगे। मैच के बारे में हमें जानकारी देते रहिए।"
पूर्व सौंदर्य सुंदरी और अभिनेत्री नेहा धूपिया ने पूरा मैच न देख पाने पर कहा, "पूरे दिन काम में व्यस्त रही और अभी मैंने घर का आधा रास्ता तय किया है..मुझे उन लोगों से ईष्र्या हो रही है जो घर पर मैच देख रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











