अली जफर के लिए संगीत है पहला प्यार
मुम्बई, 16 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तानी गायक व अभिनेता अली जफर ने कम बजट की फिल्म 'तेरे बिन लादेन' से बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। अब वह अपनी अगली फिल्म में अभिनेत्री कैटरीना कैफ व अभिनेता इमरान खान के साथ नजर आएंगे लेकिन उनका पहला प्यार संगीत है इसलिए वह संगीत जगत में भी अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
अली जफर ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "यह रोमांस से भरी हास्यप्रधान व पारिवारिक फिल्म है। इमरान और मैं भाइयों की भूमिका में हैं। फिल्म में मैं एक बेहद आकर्षक युवक के किरदार में हूं, जो इस बात को लेकर उलझन में रहता है कि उसे जिंदगी से क्या चाहिए।"
वह अपनी सह-अभिनेत्री कैटरीना की प्रशंसा करते हुए कहते हैं, "कैटरीना संग काम करने का अनुभव बहुत अच्छा रहा। वह बहुत मेहनती, सहयोगी हैं और सेट्स पर हंसी-मजाक करती हैं।"
यशराज फिल्म्स के निर्माण में बनी 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' का निर्देशन नवोदित निर्देशक अली अब्बास जफर ने किया है। 'तेरे बिन लादेन' भी निर्देशक अभिषेक शर्मा की पहली फिल्म थी।
अली जफर के नवोदित निर्देशकों के साथ काम करने के विषय में पूछने पर उन्होंने कहा, "लोगों के पास अच्छी पटकथाएं मुश्किल से ही होती हैं। 'तेरे बिन लादेन' के बाद से मैं करीब 50 पटकथाएं सुन चुका था। मुझे 'मेरे ब्रदर.' की पटकथा पसंद आई। हाल ही में मैंने एक और फिल्म के लिए अनुबंध किया है लेकिन मैं अभी इस सम्बंध में बात नहीं कर सकता। निर्माता जल्दी ही इसकी घोषणा करेंगे।"
अली पाकिस्तान में कई विज्ञापनों में काम कर चुके हैं। उन्होंने पाकिस्तानी टीवी धारावाहिकों 'लुंडा-बाजार', 'कांच के पार' और 'कॉलेज जीन्स' में भी अभिनय किया है।
अली फिल्मों के अलावा संगीत के क्षेत्र में भी काम कर रहे हैं। हाल ही में यशराज म्यूजिक ने भारत व दुनियाभर में उनकी नई एलबम 'झूम' पेश की है। पाकिस्तान में अली के ही बैनर 'अलिफ रिकॉर्ड्स' ने इसे पेश किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











