ठेठ देसी जायके पेश करना चाहता हूं : संजीव कपूर
नई दिल्ली, 13 फरवरी (आईएएनएस)। पिछले 17 सालों से अपने लोकप्रिय टीवी शो 'खाना खजाना' के जरिए लगातार लोगों की पाक कला को विकसित कर रहे जाने-माने शैफ संजीव कपूर ने अब खुद का फूड चैनल शुरू किया है। वह चैनल 'फूड फूड' के जरिए लोगों के लिए ठेठ देसी जायके पेश करने का वादा करते हैं।
संजीव ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "मैं पिछले सात सालों से 'फूड फूड' का सपना देख रहा था। जब मैंने लोगों से पहली बार इस सम्बंध में बात की तो उन्होंने इसे अच्छा विचार बताया लेकिन साथ ही उनके मन में यह सवाल भी था कि क्या इसे सफलता मिलेगी।"
उन्होंने कहा, "लोगों में इसे लेकर संशय की स्थिति थी लेकिन मैंने उम्मीद नहीं छोड़ी। मैं इस विचार पर कायम रहा। मैंने अधिक से अधिक लोगों से इस सम्बंध में बातचीत शुरू की, खुद ही गुणात्मक व मात्रात्मक अनुसंधान किया और अंतत: मेरा सपना हकीकत में बदल गया।"
संजीव ने 'एस्ट्रो ऑल एशिया नेटवर्क्स' के साथ मिलकर 24 घंटे के इस चैनल की शुरुआत की। इस पर 'संजीव कपूर्स किचन', 'फिरंगी तड़का', 'सिर्फ 30 मिनट', 'शैफ का मुकाबला', 'रेडी स्टेडी कुक', 'साउदर्न स्पाइस', 'फिल्मी ढाबा' और 'टर्बन तड़का' व ऐसे ही अन्य कार्यक्रमों का प्रसारण शुरू हो गया है।
संजीव वादा करते हैं कि उनके सभी कार्यक्रमों में भारतीयता बरकरार रहेगी। उन्होंने कहा, "भारतीयता बरकरार रहेगी। हम भारतीय व्यंजन और जायके पेश करेंगे। हम इन जायकों को प्रोत्साहित करेंगे। यदि ये जायके कहीं खो रहे हैं तो हम इन्हें वापस पुनर्जीवित करेंगे। मेरा और मेरी टीम का इरादा यही है।"
संजीव के इस चैनल का 24 जनवरी से प्रसारण शुरू हो गया है। उनके अलावा जी नेटवर्क ने 24 घंटे का फूड चैनल 'जी खाना खजाना' शुरू किया है। अल्वा ब्रदर्स एंटरटेनमेंट भी जीवनशैली से जुड़े कुछ चैनल्स शुरू करने जा रहा है। उनका पहला चैनल खान-पान की विविधताओं को समर्पित 'फूड फर्स्ट' होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











