सफल अभिनेता बनना चाहता हूं : नीलेश
दिब्यज्योति बक्शी
मुम्बई, 9 फरवरी (आईएएनएस)। नीलेश सहाय फिल्मी पृष्ठभूमि वाले परिवार से ताल्लुक रखते हैं। सुनील दत्त और नर्गिस से उनका नजदीकी रिश्ता है। 'एंजिल' से अभिनय की शुरुआत करने जा रहे नीलेश अब से पहले कैमरे के पीछे काम करते रहे हैं। वह अपने पारिवारिक सदस्यों की ही तरह सफल कलाकार बनना चाहते हैं।
नीलेश ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "आपकी सफलता जरूरी है। आप पर बहुत सा पैसा लगाया जाता है, इसलिए जरूरी है कि आप सफल हों। मैं निश्चित रूप से एक सफल अभिनेता बनना चाहता हूं।"
'गैम्बलर' और 'प्रेम पुजारी' जैसी फिल्मों में देवानंद के साथ अभिनय कर चुकीं अभिनेत्री जाहिदा के 27 वर्षीय बेटे नीलेश पिछले पांच सालों के दौरान बॉलीवुड में रही तंगहाली से वाकिफ हैं।
नीलेश कहते हैं, "मैं जानता हूं कि फिल्मोद्योग को सफल फिल्मों की जरूरत है। पिछले पांच सालों में असफल फिल्मों के चलते काफी नुकसान हुआ है. इसलिए अब यदि हर किसी की फिल्म सफल हो तो फिल्मोद्योग फल-फूल उठेगा।"
नृत्य निर्देशक गणेश आचार्य के निर्देशन में बनी 'एंजिल' शुक्रवार को प्रदर्शित होने जा रही है।
नीलेश ने बताया, "मैंने कई पटकथाएं सुनीं लेकिन जब मैंने गणेश जी की पटकथा सुनी तो वह मुझे वास्तव में अच्छी लगी। हमारे अंदर फिल्मों को लेकर एक जैसा जुनून था, इसलिए मैंने उनके साथ शुरुआत करने का निर्णय लिया।"
नीलेश कहते हैं, "मैंने 16 साल की उम्र में सहायक कॉपीराइटर के बतौर काम शुरू कर दिया था। मैं अभिनय सीखने के लिए न्यूयार्क फिल्म एकेडमी गया था। जब मैं वापस आया तो मैंने दिवंगत गिरीश देसाई के साथ रंगमंच किया। इसके बाद मैंने निर्माण, प्रदशर्नियों और वितरण के क्षेत्र में काम शुरू किया।"
अभिनेता संजय दत्त के साथ अपने पारिवारिक रिश्ते के सम्बंध के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा, "मेरे परिवार की चार पीढ़ियां फिल्मोद्योग से जुड़ी रही हैं। मेरी परदादी जद्दनबाई बॉलीवुड की पहली महिला निर्माता-निर्देशक और पहली महिला संगीत निर्देशक थीं। उनके तीन बच्चे फातिमा रशीद (नर्गिस), अख्तर हुसैन और अनवर हुसैन थे। मेरी मां जाहिदा हुसैन अख्तर हुसैन की बेटी व नर्गिस की भतीजी हैं। इस तरह से संजय दत्त मेरे मामा हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











