खाने पर किसे आमंत्रित करेंगी माधुरी!
नई दिल्ली। मशहूर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित यदि अपने घर पर पार्टी आयोजित करेंगी तो वह बॉलीवुड के सभी अभिनेताओं को आमंत्रित करना चाहेंगी लेकिन उन्होंने तीन खान सितारों को प्राथमिकता दी है।
जाने-माने शैफ संजीव कपूर के चैनल 'फूड-फूड' की होटल इम्पीरियल में सोमवार रात शुरुआत के अवसर पर मौजूद रहीं माधुरी अपने घर सबसे पहले अभिनेता शाहरुख खान को बुलाना चाहती हैं।
जब संजीव कपूर ने माधुरी के मेहमानों के विषय में उनसे पूछा तो उन्होंने कहा, "सबसे पहले मैं शाहरुख को चुनूंगी क्योंकि वह हमेशा मैं जो भी करती हूं उसकी प्रशंसा करते हैं।"
उन्होंने कहा, "उनके बाद मैं आमिर खान को चुनूंगी क्योंकि वह मेरी पाक कला का विश्लेषण करेंगे और बताएंगे कि किसी खास पकवान में थोड़ा और नमक होता तो वह कैसा होता और इसी तरह की कई अन्य बातें बताएंगे। वह विश्लेषण पर खास ध्यान देते हैं।"
माधुरी ने कहा, "आमिर के बाद मैं सलमान खान को बुलाऊंगी क्योंकि वह साधारण रूप से आएंगे और बिना कोई कमी निकाले भोजन मांगेंगे।"
माधुरी 'फूड फूड' चैनल की ब्रांड एम्बेस्डर हैं। किसी शैफ द्वारा शुरू किया गया यह दुनिया का पहला चैनल है। 'खाना खजाना इंडिया' और मलेशियाई कम्पनी 'एस्ट्रो' ने संयुक्त रूप से इस चैनल की शुरुआत की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











