भारत को अपना दूसरा घर बना सकती हैं कैटरीना लोपेज
रुचिका खेर
मुम्बई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। हॉलीवुड अभिनेत्री जेनिफर लोपेज की चचेरी बहन व एक आइटम नंबर से बॉलीवुड में अपनी शुरुआत करने जा रहीं कैटरीना लोपेज को मुम्बई में रहना पसंद है, वह शाहरुख खान की प्रशंसक हैं और हिंदी सीखना चाहती हैं। लोपेज कहती हैं कि वह भारत को अपना दूसरा घर बना सकती हैं।
लोपेज की यह दूसरी मुम्बई यात्रा है। उन्हें हिंदी फिल्मोद्योग में कॅरियर बनाने का विचार बहुत पसंद आ रहा है।
लोपेज ने आईएएनएस से एक साक्षात्कार में कहा, "मुझे मुम्बई में रहना पसंद है। इस समय यहां का मौसम बहुत बढ़िया है। यहां न तो बहुत गर्मी है और न बहुत ठंढी ही। यह भारत में मेरी दूसरी यात्रा है और इस यात्रा में मुझे मुम्बई को बेहतर ढंग से जानने का अवसर मिला, जो बहुत रोमांचक है।"
उन्होंने कहा, "मैं पिछले साल गर्मी के दिनों में यहां आई थी। उस समय मैं एक आइटम गीत की शूटिंग के लिए आई थी। उस समय मैं मुम्बई नहीं घूम सकी थी और मुझे खरीददारी के लिए भी समय नहीं मिला था, क्योंकि मैं बहुत व्यस्त थी। लेकिन इस बार मैं घूमने के लिए समय निकाल सकी और मुझे यह शहर बहुत पसंद आया।"
लोपेज, निर्देशक अंकुश भट्ट की फिल्म 'भिंडी बाजार' में 'तान के सीना हो जा कमीना' गीत पर साड़ी में थिरकती दिखेंगी। दीप्ति नवल, केके मेनन और पवन मल्होत्रा जैसे मशहूर कलाकारों ने इस फिल्म में प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं।
लोपेज कहती हैं कि बॉलीवुड में भाग्य आजमाने के लिए यह आइटम नंबर उन्हें एक अच्छे अवसर के रूप में मिला है। उन्होंने कहा, "निर्देशक ने इस गीत के लिए मुझसे सम्पर्क किया और मुझे लगा कि बॉलीवुड में शुरुआत के लिए यह अच्छा अवसर होगा। मुझे यह गीत पसंद आया और मैं वाकई में इससे जुड़ गई। मुझे लगा कि मेरे लिए यह एकदम सही है। इसलिए मैं भारत आई और हमने इसकी शूटिंग की और मुझे बहुत अच्छा लगा।"
लोपेज कहती हैं कि वह भारत में और काम करना चाहती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











