'हम दोनों' के रंगीन संस्करण को मिली-जुली प्रतिक्रिया
डिलाइट सिनेमा के निदेशक पियूष रायजदा ने आईएएनएस को बताया, "लोगों की प्रतिक्रिया बहुत अच्छी रही। यह कुछ असम्भव सा लगता है कि देवानंद के फिल्मोद्योग में 60 साल बिताने के बाद भी यह फिल्म अब तक चल रही है। यह एक आश्चर्यजनक और यादगार फिल्म है। हमारे पहले शो में हॉल दर्शकों से खचाखच भरा रहा। मुझे पूरा विश्वास है कि फिल्म अच्छा व्यवसाय करेगी।"
इस श्वेत-श्याम फिल्म को अमेरिका में रंगीन बनाकर सिनेमास्कोप में डोल्बी डिजिटल साउंड के साथ पेश किया गया है। शुक्रवार को देशभर के 250 पर्दो पर यह फिल्म जारी हुई। इनमें से 101 थियेटर मुम्बई और 45 दिल्ली के हैं।
अमरजीत के निर्देशन में नवकेतन बैनर तले बनी इस फिल्म में देवानंद ने पहली बार दोहरी भूमिकाएं की थीं।
युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म सेना के दो जवानों की कहानी हैं। ये दोनों जवान हूबहु एक जैसे दिखते हैं और इसके कारण उनके निजी जीवन में जटिलताएं पैदा हो जाती हैं। देवानंद के अलावा नंदा और साधना ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं। जयदेव के संगीत में रचे-बसे इस फिल्म के 'मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया' और 'अभी ना जाओ छोड़कर' जैसे यादगार गीत अब भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।
स्पाइस सिनेमा के वरिष्ठ प्रबंधक अमित अवस्थी ने बताया कि 40-45 की उम्र के लोग तो इस फिल्म में खूब रुचि दिखा रहे हैं लेकिन युवाओं को यह ज्यादा रुचिकर नहीं लग रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











