'दबंग 2' तक खलनायक की भूमिका नहीं कर सकेंगे सोनू
मुम्बई, 4 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता सोनू सूद को 'दबंग' में खलनायक की भूमिका निभाने के बाद इस कदर ख्याति मिली कि उन्हें ढेंरों नकारात्मक भूमिकाएं मिलीं। लेकिन 'दबंग 2' आने तक उन्हें खलनायक का किरदार करने से रोक दिया गया है।
सैंतीस वर्षीय सोनू कहते हैं, "यह सच है कि 'दबंग 2' तक मुझसे नकारात्मक भूमिकाएं न करने के लिए कहा गया है। मजेदार बात यह है कि मैंने पुलिस अधिकारियों की दो महत्वपूर्ण भूमिकाओं के लिए सहमति दी है। एक भूमिका तो मेरे लिए सपने के पूरा होने जैसी है, मैं पुरी जगन्नाथ की 'बूढ़ा' में काम कर रहा हूं। इसमें मैं अमिताभ बच्चन के बेटे की भूमिका में हूं। मेरी भूमिका 'जंजीर' के अमिताभ के किरदार पर आधारित है।" सोनू ने 2002 में 'शहीद-ए-आजम भगत सिंह' से अभिनय की शुरुआत की थी।
पिछले छह महीने में उन्होंने 'जंजीर' फिल्म 17 बार देखी है।
सोनू पंजाब के हैं और उन्होंने एक पुलिसकर्मी के दिमाग, उसके हाव-भाव और उसकी भाषा को समझने के लिए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ एक पखवाड़े का समय गुजारा।
सोनू ने बताया, "मैंने पुलिस महानिदेशक पी.एस. गिल के साथ समय गुजारा है। उनसे मुझे यह समझने में मदद मिली है कि एक पुलिसकर्मी किस तरह काम करता है।"
सोनू 'जोधा-अकबर' और 'एक विवाह. ऐसा भी' में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











