मैं नहीं बनाऊंगा सीक्वेल फिल्में: इम्तियाज अली
नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड में इस समय अधिकांश फिल्म निर्माता जहां अपनी सुपरहिट फिल्मों की सीक्वेल बनाने की ओर ध्यान दे रहे हैं वहीं दूसरी ओर फिल्म निर्माता इम्तियाज अली का कहना है कि वह सीक्वेल फिल्में नहीं बनाएंगे।
'दबंग' के फिल्म निर्माता अरबाज खान, 'वन्स अपान ए टाइम' के निर्माता मिलन लूथरिया और 'हाउसफुल' के निर्देशक साजिद खान हाल ही में इन फिल्मों की अगली कड़ी भी बनाने की घोषणा कर चुके हैं।
फिल्म 'सोचा न था' और 'लव आज कल' जैसी बेहतरीन फिल्में बना चुके इम्तियाज अली का कहना है कि सीक्वेल फिल्में उनकी सूची में नहीं हैं।
इम्तियाज ने आईएएनएस से विशेष बातचीत के दौरान कहा, "सीक्वे ल फिल्में मेरे लिए नहीं हैं। वास्तव में मैं यह महसूस करता हूं कि जो फिल्में मैं बनाता हूं उसमें कुछ बाकी नहीं छोड़ता। फिल्म के लिहाज से और एक निर्देशक के तौर पर भी मुझे उस फिल्म की सीक्वेल बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं होती है।"
'जब वी मेट' जैसी सफल फिल्में दे चुके इम्तियाज का कहना है कि टेलीविजन एक अलग माध्यम है। फिल्म में बहुत सारी कहानियां जुड़ी होती हैं। फिल्म की शैली सीधी होती है और उसका समय भी निश्चित होता है। इसलिए आपको बहुत सारी चीजों को समय के भीतर ही पूरा करना होता है।
गौरतलब है कि बॉलीवुड में हाथ आजमाने से पहले इम्तियाज ने वर्ष 1990 के दशक में 'पुरुषार्थ' और 'इम्तिहान' जैसे कार्यक्रमों को निर्देशित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











