चीजें पटरी पर लौट रही हैं: सुधीर मिश्रा
मुम्बई, 23 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड निर्देशक सुधीर मिश्रा की फिल्म 'तेरा क्या होगा जॉनी' पर्दे पर कुछ खास नहीं कर पाई लेकिन उनका कहना है कि आने वाली फिल्म 'ये साली जिंदगी' काफी अच्छी साबित होगी।
सुधीर ने आईएएनएस के साथ विशेष बातचीत के दौरान कहा, "यह राहत की बात है कि मेरी फिल्म प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म के पीछे प्रकाश झा हैं। इस फिल्म में अच्छे अभिनेता हैं और इसे लोग पसंद कर रहे हैं। फिल्म का संगीत भी बहुत अच्छा है। आप हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते हैं।"
निर्देशक सुधीर कहते हैं कि वह उन्हीं लोगों के साथ काम करना चाहते हैं जिनको उनकी कार्यशैली पसंद है।
सुधीर कहते हैं, "मैंने सोहा अली खान को दो बार अपनी फिल्म में लिया है। मैंने के.के. के साथ भी दो बार काम किया है। कुछ लोग मेरे साथ काम करना पसंद करते हैं और जानते हैं कि मेरे काम करने का तरीका क्या है। लेकिन फिल्म 'हजारों ख्वाहिशें ऐसी' के बाद मैंने चित्रांगदा के साथ काम नहीं किया।"
सुधीर कहते हैं कि चित्रांगदा के साथ दोबारा 'ये साली जिंदगी' में काम करने का फैसला किया क्योंकि सिर्फ वही इस भूमिका के लिए सही है।
उल्लेखनीय है कि 'ये साली जिंदगी' चार फरवरी को प्रदर्शित होने वाली है। यह एक प्रेम कहानी और थ्रिलर फिल्म है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











