मोनिका को लगता था कि बालीवुड में कुछ नया नहीं है
अब वह 'धोबी घाट' से ही अपनी अभिनय पारी शुरू करने जा रही हैं। आईएएनएस से टेलीफोन पर बातचीत में मोनिका ने बताया कि 'मुझे लगता था कि बालीवुड में कुछ नया करने को नहीं है। इसीलिए मैं धोबी घाट के लिए आडिशन टेस्ट के लिए इच्छुक नहीं थी।'
अब मोनिका के ख्याल बदल गए हैं और वह आमिर की बहुप्रतिक्षित फिल्म 'धोबी घाट' में एक एनआरआई निवेश बैंकर की भूमिका निभा रही हैं। इस फिल्म में मोनिका के अलावा आमिर खान, प्रतीक बब्बर और नवोदित अभिनेत्री कीर्ति मल्होत्रा हैं।
मोनिका का मानना है कि बॉलीवुड में फिल्म निर्माण में परिवर्तन हो रहे हैं साथ ही वैकल्पिक सिनेमा के लिए जगह बन रही है। इसीलिए वह भी बालीवुड का हिस्सा बनने को तैयार हो गईं। मोनिका कहना था कि इनका नजरिया धोबी घाट की स्क्रिप्ट को देखकर बदला। बॉलीवुड की फिल्मों में उन्होंने तारे जमीं पर और उड़ान की तारीफ करते नहीं थक रहीं थीं।
पेशे से गायिका मोनिका कश्मीर प्रवासी माता की संतान हैं। इनके माता-पिता लंदन में रहते हैं और मोनिका ने पांच साल से मुम्बई में रह कर नृत्य, थिएटर और ड्रामा सीखा है। अपने बॉलीवुड से रिश्तों के बारे में मोनिका का कहना था कि इनका बचपन हिंदी भक्ति गीत, लता मंगेशकर के गानों और गजलों को सुनते हुए बीता है। मोनिका का एक बैंड भी है जिसका नाम 'शायर+फंक' है। इस बैंड के साथ मोनिका करीब 20 देशों की यात्रा पिछले चार सालों में कर चुकी हैं।
आमिर खान के साथ काम करने के बारे में पूछे जाने पर मोनिका ने बताया कि उनके साथ काम करने का अनुभव शानदार रहा। मैं आमिर खान की 'कयामत से कयामत तक' और 'रंगीला' के दिनों से प्रशंसक हूं। उनके साथ काम सीखने का अवसर मिलता है।
इसके अलावा मोनिका रानी मुखर्जी की भी प्रशंसक हैं और नंदिता दास और अभय देओल के साथ काम करना चाहती हैं। हिंदी के बारे में मोनिका कहना है कि बातचीत करने भर की ही हिंदी आती है।
दूसरे फिल्मों में अभिनय के बारे में पूछे जाने पर मोनिका का कहना था कि वह अभी स्क्रिप्ट देख रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











