बॉलीवुड गायकों, नृत्य निर्देशकों का टीवी के प्रति आकर्षण
नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। बॉलीवुड गायकों और नृत्य निर्देशकों में टेलीविजन के प्रति आकर्षण बढ़ रहा है। इसकी वजह यह है कि छोटे पर्दे के रिएलिटी कार्यक्रम इन कलाकारों के लिए न सिर्फ कमाई का अच्छा जरिया हैं बल्कि इससे उन्हें ज्यादा पहचान भी मिल रही है।
शान और सोनू निगम जैसे गायक म्यूजिक शो 'सारेगामापा' के जरिए कई साल से छोटे पर्दे पर छाए हुए हैं।
एनडीटीवी इमेजिन के रिएलिटी शो 'धूम मचा दे' में प्रतिभागी के बतौर शामिल हुईं गायिका ऋचा शर्मा 'जो जीता वोही सुपर स्टार' में एक मेहमान जज के बतौर शामिल हो चुकी हैं। ऋचा कहती हैं कि रिएलिटी कार्यक्रमों में जज के रूप में शामिल होना कमाई का अतिरिक्त स्रोत है।
ऋचा ने आईएएनएस से कहा, "छोटा पर्दा निश्चित रूप से बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और कमाई का एक स्थायी स्रोत है। यह आपका बैंक बैलेंस बढ़ाता है।" वह कहती हैं कि फिल्मोद्योग के लोग अपने खाली समय के इस्तेमाल के लिए ऐसा करते हैं।
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि वे अपने खाली समय के सदुपयोग के लिए ऐसा करते हैं। जब उनके पास कई महीने तक काम नहीं होता तो वे इन रिएलिटी कार्यक्रमों में शामिल होने और पैसा बनाने के विषय में सोचते हैं।"
दूसरी ओर कलर्स के डांस रिएलिटी शो 'चक धूम धूम' में जज के बतौर शामिल हो चुके नृत्य निर्देशक द्वय बोस्को-सीजर कहते हैं कि इन कार्यक्रमों से पैसे के अलावा पहचान भी मिलती है।
बोस्को ने कहा, "टीवी कार्यक्रम कई प्रतिभाओं को अपनी क्षमताएं दिखाने का मौका देते हैं और हमारे जैसे व्यवसायिक कलाकारों को चकाचौंध की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए मंच उपलब्ध कराते हैं।"
बॉलीवुड के राहत फतेह अली खान, दलेर मेहंदी, साजिद-वाजिद, विशाल-शेखर, अभिजीत, अल्का याज्ञनिक, उदित नारायण, अनु मलिक, सुनिधि चौहान, इला अरुण, शान और शंकर महादेवन के अलावा सरोज खान, माधुरी दीक्षित, करिश्मा कपूर जैसी हस्तियां भी टीवी रिएलिटी कार्यक्रमों में अपनी जगह बना रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications