बॉक्स ऑफिस पर सलमान का रहा दबदबा

'रेडी' ने जून को बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार इंट्री की। खबर है कि इस फिल्म का निर्माण 40 करोड़ रुपये के आसपास था, जबकि इसने छह सप्ताह के दौरान 179 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके बाद ईद के मौके पर सलमान खान की दूसरी ब्लॉक बस्टर फिल्म 'बॉडीगार्ड' रिलीज हुई। जिसने सफलता के नये रिकॉर्ड बना दिए।
वर्ल्ड वाइड इस फिल्म ने लगभग 229 करोड़ रुपये की कमाई की है। ये साल 2011 की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म रही। सलमान के बाद अजय देवगन की फिल्म 'सिंहम' ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त तरीके से धूम मचाई। इस फिल्म का निर्देशन रोहित सेट्टी ने किया। इस फिल्म ने छह सप्ताह में लगभग 150 करोड़ रुपये की कमाई की।
इन फिल्मों में एक्शन के साथ रोमांस, पारिवारिक ड्रामा और इमोशन का भी तड़का मारा गया। इस साल रिलीज फिल्मों में से लगभग 90 फीसदी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कारोबार करने में असफल साबित हुईं।
अगर दूसरे सितारों की बात करें तो साल में सबसे पहले रिलीज हुई रानी मुखर्जी की फिल्म 'नो वन किल्ड जेसिका' ने भी दर्शकों को निराश किया। इस साल दिवाली पर शाहरुख खान की मेगाबजट फिल्म 'रॉ वन' रिलीज हुई। फिल्म को हिट कराने के लिए नए नए मार्केटिंग फंडे इस्तेमाल में लाए गए जिसके चलते इस फिल्म का बजट बिगड़ गया।
रॉ वन को दर्शकों की मिली जुली प्रतिक्रिया मिली। 2011 आमिर खान के लिए मिक्सड रहा। आमिर की पत्नी किरण राव की फिल्म 'धोबी घाट' को 'थ्री इडियट्स' जैसी सफलता नहीं मिली। लेकिन उनकी ही अगली फिल्म 'देहली बेली' ने दर्शकों का अच्छा मनोरंजन किया। आमिर खान ने इस फिल्म में एक आइटम ब्वॉय के तौर पर दर्शकों की वाहवाही लूटी।
प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'सात खून माफ' ने तो दर्शकों के दिमाग से खून निकाल दिये और शाहिद कपूर की फिल्म 'मौसम' ने बॉक्स ऑफिस का मौसम नहीं बदला। ये लिस्ट यहीं खत्म नहीं होती है इसमें संजय लीला भंसाली की होम प्रोडक्शन 'माइ फ्रैंड पिंटो', रणवीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रॉकस्टार' और डेविड धवन की हास्य फिल्म 'रास्कल्स' भी शामिल रहीं।
यूटीवी मोशन पिक्चर्स के सिद्धार्थ रॉय कपूर ने कहा कि हर साल कुछ फिल्में हिट और कुछ फ्लॉप रहती हैं। लेकिन रेडी, सिंहम, द डर्टी पिक्चर, देहली बेली और अन्य फिल्मों ने दर्शकों के सामने अलग अलग तरह की फिल्मों का विकल्प रखा है।


Click it and Unblock the Notifications











