टॉन टेन गानों में रहमान की धूम
बॉलीवुड ने हजारों फिल्में बनाई हैं और साल दर साल कई गीत दिए हैं। बीते हुए इस साल में 'इमोशनल अत्याचार" और 'मसकली" जैसे गीतों ने सुनने वालों का खूब मनोरंजन किया है। आईएएनएस ने वर्ष 2009 के लिए संगीत उद्योग से विभिन्न श्रेणियों के 10 सर्वश्रेष्ठ और श्रोताओं की पसंद बने गीत चुने हैं। गीतों की इस सूची में प्रीतम चक्रवर्ती और ए. आर. रहमान छाए हुए हैं।
पहला गीत है 'इमोशनल अत्याचार"। वर्ष 2009 की शुरुआत में आया यह गीत श्रोताओं को बेहद पसंद आया था। 'देव डी" फिल्म के इस गीत को बोनी चक्रवर्ती ने गाया है और अमित त्रिवेदी ने इसे संगीतबद्ध किया है। दूसरा गीत फिल्म 'दिल्ली-6" का 'मसकली" है। मोहित चौहान के गाए इस गीत को संगीतकार ए. आर. रहमान ने संगीतबद्ध किया है। यह गीत आज भी खूब सुना जा रहा है।
तीसरा गीत है 'है जुनून"। न्यूयॉर्क फिल्म का यह गीत युवाओं के बीच खासतौर पर पसंद किया गया। के. के. ने इसे अपनी आवाज दी है और प्रीतम चक्रवर्ती ने इसे संगीतबद्ध किया है। चौथा गीत है 'आहूं आंहू। फिल्म 'लव आज कल" का यह गीत साल के सबसे अधिक सफल गीतों में से एक है। जैजी बी और प्रीतम चक्रवर्ती के संगीत में नीरज श्रीधर ने इस गीत को गाया है।
पांचवा गीत विशाल भारद्वाज का संगीतबद्ध किया हुआ 'कमीने" फिल्म का 'ढेन टढ़ां नन" है। सुखविंदर सिंह और विशाल ददलानी ने इसे गाया है। छठा गीत है 'हड़िप्पा"। 'दिल बोले हड़िप्पा" फिल्म के इस गीत को मीका सिंह और सुनिधि चौहान ने गाया है और प्रीतम चक्रवर्ती ने संगीतबद्ध किया है। यह साल का सफलतम नृत्य प्रधान गीत रहा है।
सातवां गीत है 'चिगी विगी"। फिल्म 'ब्लू" तो दर्शकों के बीच कुछ खास न कर सकी लेकिन यह गीत लोगों को खास पसंद आया। अंतर्राष्ट्रीय पॉप गायिका काइली मिनोग ने सोनू निगम के साथ यह गीत गाया है। रहमान ने इसे संगीत दिया है।
आठवां गीत फिल्म 'अजब प्रेम की गजब कहानी" का 'तेरा होने लगा हूं" है। पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम और अलिशा चिनॉय ने इसे गाया है। प्रीतम ने इसे संगीतबद्ध किया है। नौवां गीत है फिल्म 'दे दना दन" का 'पैसा पैसा" और दसवां गीत है आने वाली फिल्म '3 इडियट्स" का 'आल इज वेल"।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications











