सलमान के लिए गाना सपना था: ऐश्वर्य निगम

बीबीसी संवाददाता, दिल्ली
सलमान खान की नई फ़िल्म दबंग के लोकप्रिय हो रहे गीत 'मुन्नी बदनाम हुई" गाने का बिहार से भी संबंध है. यह गाना न केवल बिहार की लोक संस्कृति से मेल खाता है बल्कि इसे इस फ़िल्म में स्वर देने वाले भी बिहार के गायक ऐश्वर्य निगम है. ऐश्वर्य निगम ने इस गाने में सलमान को अपनी आवाज़ दी है और वो इससे बेहद खुश हैं.
ऐश्वर्य निगम से बातचीत सुनने के लिए क्लिक करें
सारेगामा से संगीत की दुनिया में पहचान बनाने वाले ऐश्वर्य बिहार के मुज़फ्फरपुर ज़िले से हैं और वो कहते हैं कि बिहार की लोक संस्कृति में पले बढ़े होने के कारण उन्हें इस गाने को समझने और गाने में थोड़ी मदद ज़रुर मिली है. वो कहते हैं कि सलमान के लिए गाना उनका पुराना सपना रहा है.
वो बताते हैं, '' 2005 में जब मैं सारेगामा में आया था तो सलमान भी एक कार्यक्रम में थे. मैंने उनकी फ़िल्म का गाना 'दिल कह रहा है' गाया तो सलमान ने इसकी बहुत तारीफ़ की थी और कहा था कि मैं बहुत आगे जाऊंगा. तब से मेरे दिल में ये बात थी कि कभी सलमान के लिए गाने का मौका मिले.""
ऐश्वर्य बताते हैं कि उन्हें ये मौका दिया संगीतकार ललित ने. वो कहते हैं, '' ललित जी ने सारेगामा के बाद भी मेरा बहुत साथ दिया. इतनी बड़ी फ़िल्म है दबंग लेकिन उन्होंने मुझ जैसे नए कलाकार को गाने का मौका दिया. ये बड़ी बात है. मैं उनका शुक्रगुज़ार हूं. गाने के दौरान डांट भी पड़ी लेकिन उसी की वजह से ये गाना इतना अच्छा बन पडा.""
हालांकि कई लोग इस गाने को बिहार के लोकगीत की नकल के तौर पर देखते हैं लेकिन नए संगीत के साथ यह गीत काफ़ी लोकप्रिय हो गया है.ऐश्वर्य कहते हैं, '' मैं लोकगीत गाता तो नहीं हूं लेकिन इस तरह के गाने सुने हैं तो मुझे समझने में आसानी हुई कि इसे कैसे गाना चाहिए. मुज़फ्फरपुर का हूं बिहारी हूं. इसका फ़ायदा हुआ है मुझे. मैं इस गाने को अच्छी तरह समझ पाया और गा पाया.""
इस गीत को सलमान खान और मलाइका अरोड़ा पर फ़िल्माया गया है जिसे गाया है ऐश्वर्य निगम और ममता शर्मा ने.


Click it and Unblock the Notifications