'ब्रह्मास्त्र' का ''केसरिया'' सॉन्ग हुआ रिलीज, दिखी रणबीर-आलिया की ज़बरदस्त केमिस्ट्री
रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर 'ब्रह्मास्त्र' के गाने ''केसरिया'' का फैन्स तब से इंतज़ार कर रहे हैं जब से इस गाने की पहली झलक आई थी। अब ये पूरा गाना रिलीज़ हो गया है। ''केसरिया'' गाना रिलीज़ के साथ ही सोशल मीडिया पर धमाल मचा रहा है। इस गाने को वाराणसी के गंगा घाट पर बड़ी खूबसूरती से फिल्माया गया है। गाने में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की केमिस्ट्री भी शानदार लग रही है।
'केसरिया' गाने को हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी रिलीज़ किया गया है। आपको बता दें कि यह गाना टीज़र रिलीज़ के साथ ही लोगों का फेवरिट बन गया था और आखिरकार रविवार को पूरा गाना भी रिलीज़ कर दिया गया है।

गाने को टीज़र से ही मिली ज़बरदस्त पॉपुलैरिटी के बारे में बात करते हुए रणबीर कपूर ने कहा, 'गाने की ताज़गी दर्शकों को पसंद आ रही है। मैं पूरी टीम को ऐसा गाना बनाने के लिए धन्यवाद करना चाहूंगा, जो कई दिलों को छू गया। मुझे यकीन है दर्शकों को पूरा गाना भी पसंद आएगा।'
वहीं, आलिया भट्ट ने कहा, 'मेरे लिए, 'केसरिया' एक एहसास है जो कोई तभी अनुभव करता है, जब वो खुश और किसी चीज़ से संतुष्ट हो। यह 'ब्रह्मास्त्र पार्ट वन' से पहली झलक थी. जब भी मैं इस गाने को सुनती हूं तो आकर्षित हो जाती हूं और मुझे यकीन है कि यह गीत दर्शकों के दिलों को छू जाएगा।'
फिल्म के निर्देशक अयान मुखर्जी ने भी इस गाने को लेकर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, 'प्रीतम दा, अरिजीत, अमिताभ भट्टाचार्य और पूरी टीम के साथ 'केसरिया' गाने पर काम करना शानदार अनुभव था। प्रीतम दा 'ये जवानी है दीवानी' के बाद से मेरे लिए हमेशा बेस्ट बचाकर रखते हैं। मैं निजी तौर पर गाने के सभी वर्जन के लिए उत्साहित हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'हम सभी ने गाने में रणबीर कपूर-आलिया भट्ट की सिजलिंग केमिस्ट्री को पसंद किया। टीजर के जरिए फैंस ने भी रणबीर-आलिया के प्यार को सेलिब्रेट किया।'
आपको बता दें कि अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी 'ब्रह्मास्त्र' 9 सितंबर 2022 को रिलीज़ होगी। फिल्म में रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के अलावा अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय मुख्य भूमिका में हैं। यह रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की साथ में पहली फिल्म होगी।


Click it and Unblock the Notifications