ऑस्कर विजेता पोकुट्टी पाना चाहते थे नोबल
ऑस्कर पुरस्कार विजेता रसूल पोकुट्टी भारत के लिए भौतिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार हासिल करना चाहते थे लेकिन उन्हें इसके स्थान पर ऑस्कर मिला है और वह इससे खुश हैं। पोकुट्टी ने कहा, "ईमानदारी से कहूं तो मैं एक भौतिकशास्त्री बनना चाहता था और भारत के लिए नोबेल जीतना चाहता था लेकिन मैंने इसके स्थान पर ऑस्कर जीता। मैं इसे पाकर भी उतना ही खुश हूं।"
पोकुट्टी को डैनी बोयल की फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के लिए सर्वश्रेष्ठ साउंड डिजाइनिंग का ऑस्कर पुरस्कार मिला था। उन्होंने शनिवार को 41वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) से इतर आयोजित एक 'मास्टरक्लास' में दर्शकों के बीच यह बात कही। पोकुट्टी, अभिनेता बोमन ईरानी और फिल्मकार गोविंद निहलानी के साथ इफ्फी परिसर में 'मास्टरक्लासेज' चला रहे हैं, जहां वे फिल्मकारों व फिल्मोद्योग के लोगों से फिल्म निर्माण पर चर्चा करते हैं।
उन्होंने कहा, "विज्ञान हमेशा से मेरा पसंदीदा विषय रहा है और मैं भौतिक विज्ञान का अध्ययन करना चाहता था। फिर मैंने ध्वनि अभियांत्रिकी में एक कोर्स कर लिया। जब मैंने जाना कि इसमें अभियांत्रिकी से ज्यादा बहुत कुछ है, मुझे इस काम में मजा आया और मैं यही करना चाहता था।"


Click it and Unblock the Notifications












