काईट्स के संगीत की धूम विदेशों में
फिल्म 'धूम 2', 'चक दे! इंडिया' और 'क्रिश' में लाजबाव बैकग्राउंड संगीत दे चुके मशहूर संगीतकार सलीम और सुलेमान मर्चेट का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म 'काइट्स' का संगीत अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा।
सुलेमान ने मुंबई से कहा, "हम बहुत उत्सुकता से 'काइट्स' के प्रदर्शन का इंतजार कर रहे हैं। इस फिल्म के लिए हमने बैकग्राउण्ड संगीत बड़ी मेहनत से तैयार किया है और हम कह सकते हैं कि यह संगीत अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा।"
'काइट्स' का निर्देशन अनुराग बसु ने किया है और इसके निर्माता राकेश रोशन हैं। फिल्म के अगले साल जनवरी में प्रदर्शित होने की उम्मीद की जा रही है। फिल्म में रितिक रोशन, मेक्सिकन अभिनेत्री बारबरा मोरी और कंगना ने अभिनय किया है। लास वेगास में फिल्मायी यह एक रोमांस से भरी रोमांचक फिल्म है। फिल्म एक साल्सा नृत्य शिक्षक (रितिक) के चारों ओर घूमती है।
पिछले एक दशक से मनोरंजन उद्योग से जुड़े सलीम-सुलेमान ने बैकग्राउण्ड संगीत देने के साथ शुरूआत की थी बाद में उन्होंने गीतों को संगीतबद्ध करना शुरू किया। उन्होंने 'फैशन', 'रब ने बना दी जोड़ी' और 'चक दे! इंडिया' जैसी सफलतम फिल्मों के गीतों को सफल संगीत दिया है।
दोनों संगीतकार 'काइट्स' के अलावा आने वाली फिल्मों 'तीन पत्ती', 'प्यार इंपॉसिबल' और 'कुर्बान' के लिए भी संगीत तैयार कर रहे हैं।


Click it and Unblock the Notifications











