2011 में साल भर बर्थडे मनाएंगे जगजीत सिंह
गजल गायक जगजीत सिंह का बर्थडे अगले साल 8 फरवरी को पड़ेगा। यह उनका 70वां जन्मदिन होगा। जगजीत सिंह ने अपना 70वां जन्मदिन बिल्कुल नये अंदाज में मनाने की ठानी है। उनका प्लान है कि वह अगले साल विविध संगीत समारोहों में प्रस्तुतियां देकर पूरा साल अपना मनाएंगे। वह साल भर संगीत के कार्यक्रम पेश करेंगे और नये संगीत एलबम जारी करेंगे।
जगजीत ने कहा, "मेरे पास अगले पूरे साल के लिए पार्श्व गायन के लिए समय नहीं है। मैं सालभर संगीत के 70 कार्यक्रम देकर और 70 गीतों वाली सात एलबमें जारी कर अपना 70वां जन्मदिन मनाऊंगा।" जगजीत नोवोटेल होटल में मंगलवार को 'शाहरुख बोला खूबसूरत है तू' फिल्म का संगीत जारी होने के अवसर पर आए हुए थे। उन्होंने संगीत जारी होने के अवसर पर एक गीत 'भूल जाना उसे दफना देना' भी गाया। उन्होने 'शाहरुख बोला खूबसूरत है तू' के दो गीतों में अपनी आवाज दी है।
यह अभिनेता मकरंद देशपांडे के निर्देशन में बनी पहली हिंदी फिल्म है। वह इससे पहले मराठी फिल्मों 'दानव' (2003) और 'हनान' (2004) का निर्देशन कर चुके हैं। 19 नवम्बर को प्रदर्शित होने जा रही 'शाहरुख बोला खूबसूरत है तू' की कहानी सड़क किनारे फूल बेचने वाली एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है। जब एक बार इस लड़की के सपनों का हीरो (शाहरुख खान) एक ट्रैफिक सिगनल से गुजरते हुए उसकी खूबसूरती की तारीफ करता है तब से उसकी जिंदगी बदल जाती है।


Click it and Unblock the Notifications











