अक्षय कुमार ने बहनों को गोलगप्पा खिलाते हुए लॉन्च किया रक्षा बंधन का पहला गाना, बेहद इमोशनल हुए फैन्स
अक्षय कुमार की फिल्म रक्षा बंधन का ट्रेलर दर्शकों को बहुत ज़्यादा पसंद आया था और अब फिल्म का पहला गाना रिलीज़ हो चुका है। फिल्म का पहला गाना, एक भाई बहन की बॉन्डिंग को बेहद भावुक तरीके से दर्शाता है। गाने का नाम है तेरे साथ हूं मैं। इस गाने को कंपोज़ किया है हिमेश रेशमिया ने। बोल लिखे हैं इरशाद कामिल ने और इसे आवाज़ दी है निहाल तौरो ने।
गाने के लॉन्च के दौरान अक्षय कुमार ने अपनी बहन अल्का भाटिया के साथ अपने रिश्ते पर भी बात की। उन्होंने बताया कि उनकी बहन उनकी मां के बराबर का दर्जा रखती हैं। अक्षय ने बताया कि पिछले साल जब उनकी मां का निधन हुआ तो उनकी बहन ने ही पूरे परिवार को संभाला था।

गाने के लॉन्च के दौरान, अक्षय कुमार अपनी बहनों को गोलगप्पे खिलाते भी दिखे। फिल्म में भी अक्षय कुमार, एक हलवाई के अवतार में दिखाई देंगे जो गोलगप्पों की दुकान चलाता है।
बात करें फिल्म के पहले गाने की तो दर्शकों को ये गाना अभी से काफी पसंद आ रहा है। फिल्म के म्यूज़िक एल्बम के बारे में बात करते हुए हिमेश रेशमिया ने बताया कि फिल्म में 7 गाने हैं। इस दौर में जब लोग गानों को रीमेक करने और ओरिजिनल गानों की कमी के कारण दुखी रहते हैं, हिमेश रेशमिया, श्रोताओं के लिए सात नए गाने लेकर आए हैं। उन्होंने बताया कि सातों गाने उनके दिल के बेहद करीब है और संगीत प्रेमियों को भी ये गाने काफी पसंद आएंगे।
आनंद एल राय की फिल्म रक्षा बंधन में अक्षय कुमार, चार बहनों के इकलौते भाई बने हैं जिन्हें अपनी बहनों की शादी और दहेज की चिंता है। फिल्म 11 अगस्त को रिलीज़ हो रही है और आमिर खान की लाल सिंह चड्ढा के साथ क्लैश हो रही है।


Click it and Unblock the Notifications











