अब बहुत बडा हो गया हूं
“वॉइस ऑफ इंडिया" के फेवरिट प्रतियोगी रह चुके आभास भले ही वॉइस ऑफ इंडिया का खिताब न जीत पाएं हो मगर अब इस शो के होस्ट बनने के बाद उनके सपने सच हो गए हैं. वह खुद यह मानते भी हैं कि अब वे काफी बडे हो गए हैं. तो आइए उन्हीं से जानते हैं उनके बारे में.
कंटेस्टेंट के बाद होस्ट के तौर पर उस मंच पर लौटना कैसा लग रहा है ?
बहुत अच्छा लग रहा है. अब इस शो की कमान मेरे हाथ में होगी. पहले मैं इस शो में प्रतियोगी था मगर अब होस्ट हूं सो ज़िम्मेदारियां बढ गई हैं. लोगों की काफी उम्मीदें मुझसे जुडी हुई हैं. कोशिश करूंगा उनकी उम्मीदों को न तोडूं.
आपको उम्मीद है कि शान की जगह के साथ आप पूरा न्याय कर पाएंगे ?
देखिए पहली बात तो मैं उनको ज़रा भी कॉपी नहीं करूंगा. उन्होंने अपना एक स्टाइल बनाया था मैं अपना स्टाइल विकसित करूंगा. उस स्टाइल के साथ मैं शो का स्टेटस बनाए रखने का प्रयत्न करूंगा क्योंकि शान सर ने शो का स्टेटस काफी ऊंचा कर दिया है, जिसे बरकरार रखना मेरा फर्ज़ है.
क्या इस सिलसिले में आपने शान से कुछ टिप्स लेने के लिए उनसे बात की ?
जी हां मेरी उनसे बात हुई. उन्होंने मुझे कहा कि एनर्जी बरकरार रखना बहुत ज़रूरी है. जहां तक भाषा की बात है वह तो मेरे साथ है ही.
इस शो के कर्ता धर्ता गजेन्द्र सिंह आप पर इतना भरोसा करते हैं. किसी तरह का दबाव महसूस करते हैं ?
मैं उनकी तरफ से किसी तरह का दबाव महसूस नहीं कर रहा हूं. उनके भरोसे ने मुझमें बहुत आत्मविश्वास भर दिया है. कल हमनें थोडी सी शूटिंग की थी जो उन्हें बहुत पसंद आया. अब मेरे पास स्क्रिप्ट भी आ गई है. मुझे लगता है अब मुझे काम करने में और आसानी होगी. मेरी कोशिश है इसे सरलता से न लेते हुए खूब मेहनत करूंगा.
आपको लगता है होस्टिंग के साथ आप अपनी गायकी पर भी ध्यान दे पाएंगे ?
गायकी मेरी प्राथमिकता है उसे मैं ज़रा भी नज़र अंदाज़ नहीं कर सकता. गजेन्द्र जी ने भी मुझसे यही कहा. इसके लिए मुझे संगीत की विशेष शिक्षा दी जा रही है. जहां तक टाइम मैनेजमेंट की बात है होस्ट के तौर पर मैं सिर्फ एक दिन ही शूटिंग करूंगा. बाकि के छ: दिन मेरे हाथ में है.
प्रतियोगिता के इतने नज़दिक आकर भी आप वॉइस ऑफ इंडिया का खिताब नहीं जीत पाए। क्या कहन चाहेंगे ?
जब मैं हारा था तब मुझे बहुत दुख हो रहा था मगर जब मुझे शो को होस्ट करने का ऑफर दिया गया तो मेरा सारा दुख खुशी में बदल गया. अब बुरा नहीं लग रहा है.
आप सभी के चहिते रहे हैं। क्या बॉलीवुड से कोई ऑफर आया है ?
जी हां. अभी हाल ही में मैंने आदेश जी के लिए एक एनिमेशन फिल्म में गाया है. यह फिल्म भगवान राम पर है. इसमें मेरा सोलो गीत है. साथ ही काफी नए संगीतकारों से बात चल रही है जिनके लिए मैं गाने वाला हूं.
क्या आप इष्मित के “वॉइस ऑफ इंडिया" बनने से सहमत हैं ?
(थोडा सोचते हुए) इष्मित “वॉइस ऑफ इंडिया" बन गया तो उसमें कोई बुरी बात नहीं है. इष्मित बहुत काबिल लडका है. जब वह आया था तो उसकी आवाज़ ऐसी नहीं थी. उसने बहुत इम्प्रूव किया है. दरअसल सभी बहुत अच्छा गाते थे. दर्शकों को भी चुनने में बहुत परेशानी हुई होगी. मुझे शुरू से ही इष्मित की आवाज़ बहुत अच्छी लगती थी.
और हर्षित के बारे में क्या कहना चाहेंगे ?
हर्षित के बारे में मैं यही कहना चाहूंगा कि मुझे दुख है कि वह रह गया हालांकि वह भी इसके काबिल था. उसकी आवाज़ बहुत सिनेमैटिक है.
होस्ट के तौर पर आने वाले हैं। इस मामले में आपके घर वालों की क्या प्रतिक्रिया रही. विशेष रूप से आपकी मम्मी और भाई की ?
सभी बहुत खुश हैं. मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी यह खुशी यूं ही बरकरार रहे.
आप इस प्रतियोगिता के सबसे छोटे प्रतियोगी रहे हैं क्या यही वजह है कि आपको होस्ट करने का काम सौंपा गया ?
(हंसते हुए) मगर अब बहुत बडा हो गया हूं. जहां तक होस्टिंग की बात है शायद हो सकता है जो वजह आपने बताई वही वजह हो. मैं कभी शर्म महसूस नहीं करता था. मेरी बेबाकी के कारण हो सकता है मुझे यह ऑफर मिला हो.
आपके अलावा इस शो को होस्ट करने के लिए आपकी प्रतियोगी दोस्त प्रियानी वाणी भी थी. यदि आपकी जगह उनका चयन किया जाता तो कैसा लगता ?
मेरी बजाय यदि प्रियानी चुनी जाती तब भी मुझे अच्छा लगता. मगर हां मुझे इस बात का दुख होता कि एक अच्छा मौका मेरे हाथ से निकल गया.
गायकी, होस्टिंग में अपनी पढाई पर कैसे ध्यान देंगे ?
मैं अभी कॉमर्स बारहवी में हूं. मैं जबलपुर से पढाई कर रहा हूं. मैं गायकी तथा होस्टिंग के साथ अपनी अगले साल होने वाली परिक्षा की तैयारी में लगा हुआ हूं. गायकी में अपना करियर बनाने के साथ ही मैं अपनी पढाई पूरी करना चाहता हूं. जहां तक ध्यान देने की बात है बहुत जल्द मेरे पापा अपना ट्रांसफर मुंबई में करवाने वाले हैं यदि ऐसा नहीं हुआ तो मेरी मम्मी मेरे साथ रहेंगी जिससे मैं अपनी पढाई पर ध्यान दे सकूं.


Click it and Unblock the Notifications