रहमान को डाक्टरेट की मानद उपाधि
ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित लोकप्रिय संगीतकार ए.आर.रहमान को रविवार को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के 59वें दीक्षांत समारोह में डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा गया।
डॉक्टरेट की उपाधि ग्रहण करने के बाद रहमान ने युवाओं से रचनात्मक क्षेत्र में कदम रखने की अपील की। उन्होंने कहा, "दुनिया में जहां नरसंहार, आतंकवाद और हिंसा का बोलबाला है, ऐसी स्थिति में हमें सकारात्मक भावनाओं को लेकर आगे बढ़ना चाहिए।"
रहमान ने युवाओं से शक्तिशाली और सौहार्दपूर्ण भारत के निर्माण के उनके अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। ऑस्कर विजेता संगीतकार ने दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति और नस्लभेद की लड़ाई लड़ने वाले महान नेता नेल्सन मंडेला के वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा, "मानव विकास के लिए शिक्षा का अहम स्थान है। शिक्षा से गरीबी उन्मूलन संभव है।"
रहमान ने अपने भाषण का अंत 'जय हो' से किया। फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के इसी गीत के लिए उन्हें ऑस्कर से नवाजा गया था।
रहमान के साथ प्रसिद्ध ऊर्दू लेखक गोपीचंद नारंग को भी एएमयू ने डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा।


Click it and Unblock the Notifications