क़िस्मत ले आई फ़िल्मों में: ज़रीन ख़ान

By Staff

क़िस्मत ले आई फ़िल्मों में: ज़रीन ख़ान
पीएम तिवारी

बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए, कोलकाता से

फ़िल्म 'वीर" में सलमान ख़ान के साथ अपने फ़िल्मी करियर की शुरूआत करने वाली ज़रीन ख़ान मानती हैं कि उनको क़िस्मत ही फ़िल्मों में ले आई. वे तो पढ़-लिख कर डॉक्टर बनना चाहती थीं. मॉडलिंग के ज़रिए कुछ पैसे भी कमा रही थीं. उसी समय वीर फ़िल्म उनकी झोली में आ गिरी.

'वीर" ने बॉक्स ऑफ़िस पर भले कोई ख़ास कमाल नहीं दिखाया हो लेकिन उसके ज़रिए ज़रीन का करियर तो चल निकला. उनको फ़िल्मों के ढेरों ऑफ़र मिल रहे हैं. वे जल्दी ही सलमान के साथ उनकी अगली फ़िल्म में भी नज़र आएंगी. एक निजी कंपनी की ब्रांड एंबेसडर के तौर पर कोलकाता आई ज़रीन ने अपने फ़िल्मी सफ़र से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. पेश हैं उनसे हुई बातचीत के प्रमुख अंशः

क्या आपने फ़िल्मों को करियर बनाने के बारे में सोचा था?

नहीं. मैं तो पढ़-लिख कर डॉक्टर बनना चाहती थी. पढ़ाई में अच्छी थी. घर का ख़र्च चलाने के लिए मॉडलिंग कर लेती थी. लेकिन क़ुदरत को तो कुछ और ही मंज़ूर था. इसी दौरान एक दिन 'युवराज" फ़िल्म के सेट पर बुलावा आया.

कटरीना कैफ़ की बॉडी-डबल की भूमिका के लिए. हालांकि उस दिन शूटिंग नहीं हो पाने की वजह जल्दी ही घर लौट गई. लेकिन उसी वजह से बाद में मुझे 'वीर" फ़िल्म में काम करने का मौक़ा मिला.

आपकी पहली फ़िल्म 'वीर" तो बॉक्स ऑफ़िस पर कुछ ख़ास नहीं कर सकी. इससे आपको कितना फ़ायदा हुआ?

मुझे तो काफ़ी फ़ायदा हुआ. उस फ़िल्म में अपने अभिनय की वजह से मुझे कई फ़िल्मों के ऑफ़र मिल रहे हैं.

'वीर" के बाद सलमान खान के साथ आपके रिश्तों के बारे में बहुत कुछ कहा जा रहा है?

हम सिर्फ़ अच्छे दोस्त हैं. मेरी कामयाबी में सलमान की अहम भूमिका है. मैं अगली फ़िल्म में भी उनके साथ हूँ. शायद वे मुझे अपने लिए लकी मानते हैं.

आपने फ़िल्मों के लिए अपना वज़न भी काफ़ी घटाया है?

हां. एक समय तो ऐसा था जब मेरा वज़न सौ किलो से ऊपर हो गया था. लेकिन मैंने वज़न घटाने के लिए काफ़ी मेहनत की. अब भी मैं हफ़्ते के छह दिन जम कर कसरत करती हूं.

इस समय आप क्या कर रही हैं?

फ़िलहाल मेरा समय फ़िल्मों की पटकथा पढ़ने और फ़िल्मी दुनिया को क़रीब से देखने-समझने में बीत रहा है.

आप किस तरह की फ़िल्मों को प्राथमिकता देंगी?

मैं चुनिंदा फ़िल्में ही हाथ में लूंगी. बिना सोचे-समझे एक साथ दर्जनों फ़िल्में हाथ में लेने का कोई इरादा नहीं है. मैं उन फ़िल्मों को ही तरजीह दूंगी जो मेरी प्रतिभा और किरदार के साथ पूरी तरह न्याय कर सके.

इस समय किन फ़िल्मों में काम कर रही हैं?

एक फ़िल्म की तैयारी चल रही है. इस साल के आख़िर तक इसकी शूटिंग शुरू हो जाएगी. लेकिन फ़िलहाल मैं उसके बारे में ज़्यादा कुछ नहीं बता सकती.

आपकी तुलना कटरीना कैफ़ से की जाती है?

फ़िल्मी दुनिया में एक-दूसरे से तुलना करने का चलन तो बहुत पुराना है. चाल-ढाल, अभिनय और शक्ल के मामले में हर कोई किसी न किसी से थोड़ा बहुत मिलता-जुलता है. लेकिन इस पर ज़्यादा ध्यान नहीं देना चाहिए. हर आदमी की शख़्सियत अलग होती है.

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+
X